क्रिकेट

SL vs BAN: टेस्ट में बांग्लादेश के सबसे सफल विकेटकीपर बने लिटन दास, तोड़ दिया मुश्फिकुर का रिकॉर्ड

SL vs BAN: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। अब वह अपने देश के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे सफल विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने साथी खिलाड़ी मुश्फिकुर को पीछे छोड़ दिया है।

Image

लिटन दास (साभार-x)

SL vs BAN: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन उस वक्त बांग्लादेशी फैंस का खुशी का ठिकाना नहीं रहा जब विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। श्रीलंका के खिलाफ इस टेस्ट मैच के दौरान वह बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट डिसमिसल्स करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि पारी 76वें ओवर की पहली गेंद पर दिनेश चांदीमल (93 रन) का शानदार कैच पकड़कर हासिल की।

इस कैच के साथ अब लिटन दास के नाम 50 टेस्ट मैचों में 114 शिकार हो गए हैं, जिससे उन्होंने मुश्फिकुर रहीम के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 98 टेस्ट में 113 शिकार किए थे। उन्होंने यह ऐतिहासिक कैच नयीम हसन की गेंद लिया, जो चांदीमल के ग्लव्स से टकराकर हवा में उछली, और लिटन ने पीछे की ओर दौड़ लगाकर अद्भुत कैच लपक लिया।

कैसी है मैच की स्थिति

मैच की बात करें तो दूसरे दिन के खेल की समाप्ति पर श्रीलंका ने 43 रन की बढ़त हासिल कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत फीकी रही, जिसमें शादमान इस्लाम ने सबसे ज्यादा 46 रन (93 गेंदों में) बनाए। लिटन ने भी 34 रन जोड़े। मुश्फिकुर रहीम ने 35 रन की पारी खेली।

श्रीलंका ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 290 रन बना लिए हैं। पथुम निसांका 238 गेंदों में नाबाद 146 रन बना चुके हैं जबकि प्रभात जयसूर्या 5 रन बनाकर नाबाद हैं। निसांका और चांदीमल की साझेदारी ने बांग्लादेशी गेंदबाज़ों को थकाकर रख दिया। वहीं गेंदबाजी में असिथा फर्नांडो और सोनल दिनुषा ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article