स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेली जा रही तीन वनडे मैच की सीरीज में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत दर्ज कर 1-1 से बराबरी कर ली है। किंग्सटन में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने वेस्टइंडीज को 37 रन से मात दी। इस मुकाबले में कुसल मेंडिस और रोवमन पॉवेल ने इतिहास रच दिया। दोनों नंबर-वन बल्लेबाज बनने का कमाल किया।
पहले टी20 मैच में शिकस्त खाने के बाद इस मैच में श्रीलंका ने दमदार वापसी की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन का स्कोर बनाया। टीम के लिए कामिल मिशारा ने नाबाद 61 रन और पूर्व कप्तान दासुन शनाका ने 24 गेंद पर ताबड़तोड़ 58 रन की पारी खेली। कुसल मेंडिस ने 31 रन का योगदान दिया। इन रनों की बदौलत मेंडिस ने श्रीलंका के लिए इतिहास रच दिया।
कुसल मेंडिस बने नंबर श्रीलंकाई बल्लेबाज
कुसल मेंडिस श्रीलंका के लिए टी20I में सर्वाधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने साथी खिलाड़ी पथुम निसांका को पीछे छोड़ा। मौजूदा टी20 कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस के नाम 108 टी20I की 108 पारियों में अब 2689 रन दर्ज हो गए हैं। वहीं, निसांका ने 92 मैच की 91 पारियों में कुल 2673 रन बनाए हैं। दोनों के बीच आगे निकलने की जबरदस्त होड़ मची है।
पूरन को पीछे छोड़ नंबर-1 बने पॉवेल
वहीं, 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 18.1 ओवर में 157 रन बनाकर सिमट गई। मेजबान के लिए रोवमन पॉवेल ने सर्वाधिक 43 रन की पारी खेली। इस पारी की बदौलत पॉवेल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। अब वह वेस्टइंडीज के लिए टी20I में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने निकोलस पूरन को पीछे छोड़ा। पॉवेल ने 119 मैच की 105 पारियों में कुल 2314 रन बनाए हैं। वहीं, निकोलस पूरन ने 106 मैच की 97 पारियों में 2275 रन बनाए हैं।
