Kuldeep Yadav: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की उम्मीदें एक बार फिर अपने चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव पर टिकी होंगी। इस सीरीज में कुलदीप के पास सिर्फ टीम को जीत दिलाने का ही नहीं, बल्कि एक बड़ा व्यक्तिगत मील का पत्थर छूने का भी मौका है। एशिया की धरती पर कुलदीप यादव अब तक 249 इंटरनेशनल विकेट ले चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ अगर वो सिर्फ 1 विकेट और ले लेते हैं तो एशिया में 250 विकेट पूरे करने वाले चुनिंदा भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने अब तक एशिया में 141 पारियों में 24.14 की शानदार औसत से विकेट निकाले हैं। स्पिन को मदद करने वाली श्रीलंकाई पिचों पर उनकी भूमिका बेहद अहम रहने वाली है।
2017 से शुरू हुआ सफर
उत्तर प्रदेश के कानपुर से निकलकर कुलदीप ने 25 मार्च 2017 को धर्मशाला में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। इसके 3 महीने बाद 23 जून 2017 को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और 9 जुलाई 2017 को किंग्सटन में टी20 डेब्यू किया। 2018 में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम में वापसी के बाद कुलदीप ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसी साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में उन्होंने 25 रन देकर 6 विकेट लेकर करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। ये वनडे में उनका पहला 5 विकेट हॉल था और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर के रूप में उन्होंने अपनी पहचान पक्की कर ली।
आंकड़े हैं जबरदस्त
कुलदीप का करियर रिकॉर्ड उनकी निरंतरता बताता है। कुलदीप यादव ने 18 टेस्ट मैचों में कुल 79 विकेट झटके हैं। इस दौरान उन्होंने 22.35 की औसत से गेंदबाजी करते हुए 5 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। वहीं 121 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 194 विकेट और 54 टी20 मैचों में कुल 95 विकेट अपने नाम किया है। सबसे खास बात उनका टी20 औसत 13.75 और स्ट्राइक रेट 11.86 है जो उन्हें इस फॉर्मेट में सबसे किफायती गेंदबाजों में से एक बनाता है। IPL में भी उन्होंने 110 मैचों में 112 विकेट लिया है। टेस्ट में उनका बेस्ट 5/40 और वनडे में 6/25 है।
