क्रिकेट

IND vs ENG: इस खिलाड़ी को शामिल करें तो जीत पक्की, गांगुली ने गंभीर को दिया जीत का फॉर्मूला

बीसीसीआई के पूर्व चीफ ने 5वें टेस्ट से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को एक अहम सलाह दी है। चौथे टेस्ट ड्रॉ करने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों की उम्मीद सातवें आसमान पर है और पंत की अनुपस्थिति में प्लेइंग इलेवन में बदलाव होना तय है।

Image

सौरव गांगुली (साभार-X BCCI)

मैनचेस्टर टेस्ट के ड्रॉ ने टीम इंडिया की उम्मीदें बढ़ा दी। फैंस सहित गिल एंड कंपनी को लगने लगा है कि अब वे यहां से सीरीज बराबर भी कर सकते है। 5वां टेस्ट 31 जुलाई से ओवल लंदन में खेला जाएगा, जहां पहले स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती थी। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह के खेलने पर सस्पेंस बरकरार है। इसके अलावा इन फॉर्म बल्लेबाज ऋषभ पंत की कमी खलने वाली है। यही कारण है कि पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने मुख्य कोच गौतम गंभीर को एक सलाह दी है। गांगुली ने कहा इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में स्पिनर कुलदीप यादव को शामिल किया जाना चाहिए।

ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथे टेस्ट में भारत की जबरदस्त वापसी ने मेहमान टीम की उम्मीदें बढ़ा दी। पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है, ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान को भरोसा है कि अगर मेहमान टीम "सही गेंदबाजी आक्रमण" चुने और अपनी बल्लेबाजी की लय जारी रखे, तो वह सीरीज का आखिरी मैच जीत सकती है। गांगुली ने आईएएनएस से कहा, "मैं गंभीर को सलाह देता हूं कि वे पांचवें टेस्ट में कुलदीप यादव को खिलाएं और सही गेंदबाजी आक्रमण चुनें। अगर हम इसी तरह बल्लेबाजी करते रहे, तो ओवल में जीत सकते हैं।"

मैनचेस्टर में भारत के बल्ले से प्रदर्शन पर गांगुली ने कहा कि इतने शानदार प्रदर्शन के बाद, टीम लॉर्ड्स के नतीजे पर जरूर विचार कर रही होगी, जहां उसे मात्र 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा, "यह एक युवा टीम है, हमें उन्हें कुछ समय देना होगा। मैनचेस्टर टेस्ट की चौथी पारी में जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, जहां उन्होंने 400 से ज्यादा रन बनाए, भारत को लॉर्ड्स टेस्ट हारने का दुख होगा। उन्होंने मैनचेस्टर में पांचवें दिन वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की, 190 का स्कोर लॉर्ड्स में हासिल किया जाना चाहिए था।"

लंबे समय तक भारत के लिए खेलेंगे ये खिलाड़ी

गांगुली ने कहा, "लंबे समय के बाद, कई भारतीय बल्लेबाजों ने किसी विदेशी टेस्ट सीरीज में इतने रन बनाए हैं। यह मुझे खुश करता है और भारतीय क्रिकेट के लिए एक अच्छा संकेत है। ये युवा खिलाड़ी देश के लिए लंबे समय तक खेलेंगे, और इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन निश्चित रूप से उन्हें काफी आत्मविश्वास देगा। अगर हम अपनी गेंदबाजी में सुधार करते हैं, तो हम ओवल में जीत सकते हैं।"

गांगुली ने दौरे पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की भी सराहना की। चौथे टेस्ट में दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने के बाद पंत सीरीज के अंतिम टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा, "वह एक बहुत अच्छा टेस्ट खिलाड़ी है। वह चोटिल है और उसके पैर में फ्रैक्चर है, उसे ठीक होने में समय लगेगा। उसने सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की है।"

उन्होंने कहा, "भारत ने अच्छा क्रिकेट खेला और 140 से ज्यादा ओवर खेलने के बाद टेस्ट मैच बचा लिया। रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।" सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट गुरुवार से लंदन के 'द ओवल' में खेला जाएगा।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article