क्रिकेट

LSG vs KKR, IPL 2024: केकेआर ने इकाना स्टेडियम में वो कर दिखाया जो और कोई नहीं कर पाया

केकेआर ने लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वो कारनामा कर दिखाया जो इससे पहले इस मैदान पर और कोई टीम नहीं कर सकी थी।

Image

कोलकाता नाइट राइडर्स (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • इकाना में केकेआर के बल्लेबाजों ने मचाया धमाल
  • पहली बार स्टेडियम में पहुंचा स्कोर 200 के पार
  • केकेआर बनी ऐसा करने वाली पहली टीम

लखनऊ: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर एक नया इतिहास रच दिया। केकेआर ने लखनऊ के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 235 रन का स्कोर खड़ा किया। केकेआर को इस स्कोर तक पहुंचाने में सुनील नरेन(39 गेंद में 81), फिल साल्ट(14 गेंद में 32 रन), श्रेयस अय्यर(15 गेंद में 23 रन) और रमनदीप सिंह ( 6 गेंद में 25 रन) की आतिशी पारियों का अहम योगदान रहा।

कोलकाता बनी इकाना में 200 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली टीम

जैसे ही कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी पारी में 200 रन के आंकड़े को पार किया वो लखनऊ के इकाना स्टेडियम में ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई। इससे पहले कोई भी टीम इकाना स्टेडियम में 200 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सकी थी। इससे पहले इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम दर्ज था। लखनऊ ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मौजूदा सीजन में 8 विकेट पर 199 रन बनाए थे। वहीं मेहमान टीम द्वारा इस स्टेडियम में बनाया सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी 3 विकेट पर 199 रन था जो इसी सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने मेजबान लखनऊ के खिलाफ मनाया था।

पिछले सीजन तक माना जाता था लो स्कोरिंग वेन्यू

मौजूदा सीजन से पहले लखनऊ के वेन्यू को लो स्कोरिंग माना जाता था जहां स्पिनर्स को मदद मिलती थी। काली मिट्टी की बनी पिच पर गेंद रुककर आती थी और बड़े शॉट्स खेलना आसान नहीं होता था। लेकिन आईसीसी विश्व कप 2023 के दौरान यहां बनाई गई पिचों ने स्टेडियम का मिजाज बदल दिया और मौजूदा सीजन में पहले की तुलना में बड़े स्कोर बने। ऐसे में केकेआर ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 200 रन के आंकड़े को भी पार कर दिखाया।

केकेआर ने की मुंबई इंडियन्स की बराबरी

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने लखनऊ के खिलाफ 6 विकेट पर 235 रन का स्कोर खड़ा करके आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाने के मामले में मुंबई इंडियन्स की बराबरी कर ली। दोनों टीमें ऐसा करने के मामले में साझा रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर खड़ा करने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम दर्ज है। चेन्नई ने 32 बार ये कारनामा किया है वहीं सूची में 28 बार 200 रन के पार पहुंचकर आरसीबी की टीम दूसरे स्थान पर काबिज है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article