क्रिकेट

6 फीट 5 इंच लंबे तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ भारत के नए स्टार, खुद बताया 'नीली जर्सी' तक कैसे पहुंचे, क्या है रफ्तार

All About Gurnoor Brar: भारतीय क्रिकेट में लंबे कद और तेज रफ्तार से गेंदबाजी वाले बॉलर कम ही मिले हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में गुरनूर बराड़ की एंट्री और उनकी गेंदबाजी ने सबको प्रभावित किया है। क्या वो बन सकते हैं वनडे विश्व कप 2027 में भारतीय पेस आक्रमण का अहम हिस्सा। जानिए गुरनूर ने टीम इंडिया तक पहुंचने के अपने सफल को कैसे बयां किया है।

Image

गुरनूर बराड़

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज 2026
  • गुरनूर बराड़ अफगानिस्तान के खिलाफ गरजे
  • कद और रफ्तार के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं गुरनूर

Know All About Gurnoor Brar: टीम इंडिया के उभरते हुए तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ का मानना है कि घरेलू क्रिकेट में वर्षों तक अपने कौशल को निखारने और सबसे बड़े मंच पर कदम रखने से पहले भारत ए की टीम की तरफ से खेलने के कारण वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सहजता से प्रवेश करने में सफल रहे। पंजाब के इस तेज गेंदबाज ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पहली वनडे श्रृंखला में अपनी गति और नियंत्रण से सबको प्रभावित किया है।

बराड़ ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत की 170 रन से जीत के बाद पत्रकारों से कहा, "मेरे लिए भारत ए के टीम में जगह बनाना बड़ी बात थी। अगर हम रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो हमें भारत ए, दलीप ट्रॉफी या ईरानी कप के लिए चुना जाएगा। जब मुझे भारत ए टीम में शामिल किया गया तो मैं बहुत खुश था।"

इस 20 वर्षीय तेज गेंदबाज ने वर्तमान श्रृंखला में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी गति, उछाल और दबाव में यॉर्कर डालने की क्षमता से बल्लेबाजों को परेशान किया है। बराड़ ने दोनों वनडे मैचों में 15.5 ओवर में छह विकेट लिए हैं। उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह बिल्कुल वैसा ही था जैसा रणजी में गेंदबाजी करते समय होता था। तेज गेंदबाजी करना, सटीक लेंथ पर गेंद डालना और गेंद को स्विंग कराना। मैंने भारत ए की तरफ से खेलते हुए भी ठीक वैसा ही करने की कोशिश की और उसी लाइन पर गेंद डाली।"

वो अपने कद के लिए भी चर्चा में हैं। छह फीट पांच इंच लंबे गुरनूर बराड़ ने अपनी शॉर्ट पिच गेंदों से बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है। उन्होंने कहा, "मैं खुद पर और अपने काम पर भरोसा रखता हूं। मैं जिस तरह की गेंद भी करूं उस पर भरोसा रखता हूं। मैं इन दोनों मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना चाहता था। मुझे पता है कि मैं इससे भी बेहतर प्रदर्शन कर सकता था। उम्मीद है कि आगामी मैचों में मैं और बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहूंगा।"

बराड़ ने इसके साथ ही कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलने से उन्हें फायदा मिला। उन्होंने कहा, "गुजरात टाइटंस में बहुत अच्छा माहौल है। वहां आशीष नेहरा सर, कैगीसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और इशांत शर्मा जैसे खिलाड़ी हैं, जिनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। जाहिर है, हर खिलाड़ी खेलने का मौका चाहता है और मैं भी वहां अपने मौके का इंतजार कर रहा था। मुझे वहां सीखने का काफी मौका मिला। मैं भारत की तरफ से खेलने से बहुत खुश हूं।"

गुरनूर बराड़ की बॉलिंग स्पीड कितनी है?

गुरनूर बराड़ अपने लंबे कद का फायदा उठाना बखूबी जानते हैं और इसकी झलक भारत-अफगानिस्तान पहले वनडे मैच में ही नजर आ गई थी जब गुरनूर ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अपने पहले ही मैच में उन्होंने अपनी सबसे तेज गेंद 148.2 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से फेंकी थी और जल्द ही वो 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार का आंकड़ा भी छूते नजर आ सकते हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article