चट्टोग्राम: भारतीय टीम (India Cricket team) ने रविवार को चट्टोग्राम के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में कड़े संघर्ष के बाद बांग्लादेश (Bangladesh Cricket team) को पहले टेस्ट में 188 रन के विशाल अंतर से मात दी। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ ही दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) ने बांग्लादेश पर जीत दर्ज करने का श्रेय गेंदबाजों के साथ-साथ चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) और शुभमन गिल (Shubman Gill) को दिया। राहुल ने कहा कि बांग्लादेश ने उनकी टीम को जीत के लिए कड़ी मेहनत कराई, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने चट्टोग्राम की पिच पर विकेट निकालने का तरीका खोज निकाला।
भारत ने पहले टेस्ट के पांचवें व आखिरी दिन बांग्लादेश को 324 रन पर ऑलआउट करके 188 रन से जीत दर्ज की। केएल राहुल ने मैच के बाद कहा, 'हमें यहां समय हो गया है। वनडे सीरीज जैसा हम चाहते थे, वैसा हो नहीं पाया। टेस्ट मैच कड़ा हुआ, जहां जीत के लिए हमें कड़ी मेहनत करनी पड़ी। हम जीत से बहुत खुश हैं। पिच सपाट थी, लेकिन हम चिंतित नहीं थे। ऐसा लगा कि बल्लेबाज काफी सहज हैं और आराम से बल्लेबाजी कर रहे हैं। यहां पहले तीन दिन रन बनाना मुश्किल था। जिस तरह बांग्लादेश के ओपनर्स ने बल्लेबाजी की, हमें कड़ी मेहनत करनी पड़ी।'
भारतीय कप्तान ने आगे कहा, 'हमारा जोश काफी ऊंचा था। हमें पता है कि कोई जीत आसानी से नहीं मिलती है। हमने पहली पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी की थी। श्रेयस अय्यर और पुजारा ने अच्छी तरह काम किया और पंत ने आक्रामक होकर खेला। फिर गिल और पुजारा ने मौके को अच्छी तरह भुनाया। पिच से गेंदबाजों को मदद नहीं मिल रही थी, लेकिन उन्होंने कुछ खोज निकाला। उमेश यादव ने कुछ अच्छे स्पेल डाले और हमारी मैच में वापसी कराई। हमने सालों में इस तरह का गेंदबाजी आक्रमण तैयार किया है। इन्होंने दिखाया कि कितने गुणी हैं। मुझे चिंता नहीं थी कि हमें किस तरह बेहतर प्रदर्शन करना है।'
बता दें कि बांग्लादेश ने रविवार को 513 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी पारी 272/6 के स्कोर से आगे बढ़ाई। मेजबान टीम ने 11.2 ओवर में 52 रन जोड़े और चार विकेट खो दिए। अक्षर पटेल ने चौथे दिन आखिरी सत्र में तीन विकेट लेकर मेहमान टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया था। तब बस यही रह गया था कि आखिरी दिन भारत कितनी जल्दी जीत दर्ज करेगा। भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच 22 दिसंबर से मीरपुर में खेला जाएगा।
