क्रिकेट

Ranji Trophy 2025: रणजी ट्रॉफी में वापसी पर फेल हुए केएल राहुल, देवदत्त पड्डिकल ने संभाला मोर्चा

KL Rahul Ranji Trophy 2025 Failed: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी केएल राहुल लंबे समय बाद रणजी ट्रॉफी खेलने के लिए लौटे हालांकि वे कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और केवल 26 रन बनाकर ही आउट हो गए। केएल राहुल के अलावा मयंक अग्रवाल और देवदत्त पड्डिकल ने अच्छी पारी खेली।

Image

केएल राहुल फेल (फोटो- AP)

KL Rahul Ranji Trophy 2025 Failed: केएल राहुल की रणजी ट्रॉफी में बहुप्रतीक्षित वापसी महज 37 गेंद खेलने के बाद खत्म हो गई और भारत का यह सलामी बल्लेबाज 26 रन पर आउट हो गया जिससे कर्नाटक ने बृहस्पतिवार को यहां ग्रुप सी के ‘करो या मरो’ वाले मैच के पहले दिन हरियाणा के खिलाफ पांच विकेट पर 267 रन का स्कोर बना लिया।

फरवरी 2020 के बाद से पहली बार रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए स्थानीय नायक राहुल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। खचाखच भरे एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और स्टैंड में ‘राहुल, राहुल’ के नारे गूंज रहे थे।

अंशुल कंबोज ने किया चित्त

दाएं हाथ का यह स्टाइलिश बल्लेबाज शुरू में शानदार लय में दिखा और कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल (91) के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी में चार शानदार चौके लगाए।राहुल क्रीज पर जमे हुए लग रहे थे लेकिन हरियाणा के फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज की गेंद पर आउट हो गए। इस सत्र में हरियाणा के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इस गेंदबाज ने इतनी खूबसूरत गेंद फेंकी जिसने अनुभवी भारतीय बल्लेबाज को बल्ले का किनारा छुआने के लिए ललचाया और विकेटकीपर रोहित शर्मा ने स्टंप के पीछे कोई गलती नहीं करने दी।

मयंक अग्रवाल ने संभाली पारी

हरियाणा के तेज गेंदबाज ने लंच से पहले सलामी बल्लेबाज केवी अवनीश (17) को आउट किया।राहुल आखिरी बार रणजी ट्रॉफी मैच में लगभग चार साल पहले बंगाल के खिलाफ ईडन गार्डन्स क्वार्टर फाइनल में खेले थे। कोहनी की चोट के कारण उनकी रणजी ट्रॉफी में वापसी में देरी हुई। इसके कारण वह पंजाब के खिलाफ कर्नाटक के पिछले मैच से बाहर हो गए थे।जिस दिन हर कोई चाहता था कि राहुल बड़ी पारी खेलें, उस दिन भारतीय टीम से बाहर चल रहे कर्नाटक के कप्तान अग्रवाल ने कई शॉट लगाए और मैदान पर धमाल मचा दिया। उन्होंने अपने तेज अर्धशतक के लिए तीन छक्के और नौ चौके लगाए।

पड्डिकल ने भी किया कमाल

अग्रवाल हरियाणा के तेज गेंदबाज अनुज ठकराल की गेंद पर आउट हो गए और महज नौ रन से अपना 19वां प्रथम श्रेणी शतक बनाने से चूक गए।प्रतिभाशाली युवा देवदत्त पडिक्कल भी अच्छी फॉर्म में दिखे और उन्होंने अग्रवाल के साथ मनोरंजक साझेदारी करते हुए 93 गेंद में चार चौकों की मदद से 43 रन बनाए।लेकिन पडिक्कल भी अच्छी शुरुआत को भुना नहीं पाए और चाय के बाद के सत्र में ठकराल के दूसरे शिकार बने।सपाट पिच पर निशांत सिंधु और अनुभवी जयंत यादव की स्पिन जोड़ी ने अंतिम सत्र में रन गति पर लगाम कसने में सफलता पाई।

सिंधु ने 19 ओवर में 45 रन देकर एक विकेट झटका और आर स्मरण (35) का विकेट लिया।ग्रुप सी में तीसरे स्थान पर काबिज पूर्व चैंपियन नॉकआउट से पहले नाजुक स्थिति में है और उसे क्वालीफिकेशन की उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए हरियाणा के खिलाफ जीत की जरूरत होगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article