क्रिकेट

IND vs AUS: क्या वनडे विश्व कप के लिए केएल राहुल ने कर ली अपनी जगह पक्की?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 18, 2023, 07:00 AM IST

केएल राहुल ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दबाव में शानदार मैच जिताऊ पारी खेलकर आगामी वनडे विश्व कप के लिए मध्यक्रम में अपनी जगह के लिए पुख्ता दावा पेश कर दिया।

Image

केएल राहुल

Photo : AP

मुंबई: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट की सीरीज के अंतिम दो मैच से खराब फॉर्म की वजह से प्लेइंग-11 से केएल राहुल को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। ऐसे में रोहित शर्मा के वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में व्यक्तिगत कारणों से नहीं खेलने की वजह से राहुल को हार्दिक की कप्तानी में कंगारुओं के खिलाफ मौका मिल गया। राहुल ने हाथ आए इस शानदार मौके को खाली नहीं जाने दिया।

राहुल ने खेली 75 रन की मैच जिताऊ पारी

जीत के लिए 189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 16 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। तब पांचवें पायदान पर बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल उतरे और टीम को जीत दिलाकर वापस पवेलियन लौटे। राहुल 91 गेंद में नाबाद 75 रन बनाकर नाबाद रहे।

पांचवें नंबर पर बने हैं रन मशीन

पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल ने एक बार फिर अपनी काबीलियत साबित की है। वो टीम इंडिया के लिए पांचवें पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए रन मशीन बनकर उभरे हैं। वनडे करियर में 17 मैच की 17 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 733 रन 56.38 के औसत और 99.72 के स्ट्राइकरेट से बनाए हैं। जिसमें 7 अर्धशतक और 1 शतक शामिल हैं।

दुनियाभर में पांचवें नंबर पर बनाए हैं रन

राहुल नंबर पांच नंबर पर अपने बल्ले का दम भारत के अलावा बांग्लादेश, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया की धरती पर दिखा चुके हैं। वनडे करियर में उन्होंने पहली बार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में की थी। उस मैच में वो केवल 7 रन बना सके थे। इसके बाद उन्होंने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए धमाल मचा दिया। आज मुश्किल दौर में उनके लिए यही प्रदर्शन की संजीवनी बनता दिख रहा है। इसी प्रदर्शन के बल पर उन्हें विश्व कप के लिए टीम इंडिया में जगह मिल सकती है।

मध्यक्रम में नहीं है कोई चुनौती देने वाला

केएल राहुल को टॉप ऑर्डर पर उन्हें ईशान किशन और शुभमन गिल से लगातार चुनौती मिल रही है। लेकिन मिडिल ऑर्डर में उनके लिए बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज जगह बनती दिख रही है। इस बात की पूरी संभावना है कि रोहित शर्मा की दूसरे वनडे के लिए टीम में वापसी के बाद वो प्लेइंग-11 में अपनी जगह बनाए रख पाने में सफल रहेंगे। दोहरा शतक जड़कर मजबूती के साथ अपना दावा पेश करने के बावजूद ईशान किशन को दूसरे वनडे की प्लेइंग-11 से बाहर होना पड़ेगा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article