क्रिकेट

KKR vs SRH: कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा- हमारे लिए ये मैच जीतना बहुत जरूरी था

KKR vs SRH: कोलकाता और हैदराबाद के बीच हुए आईपीएल मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में जीत के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि उनके लिए ये मैच जीतना बहुत जरूरी था।

Image

अजिंक्य रहाणे

Photo : AP

सनराइजर्स हैदराबाद पर 80 रन से मिली जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने कहा कि उनकी टीम के लिये यह मैच जीतना बहुत जरूरी था और वह भी बड़े अंतर से। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 200 रन बनाये और जवाब में सनराइजर्स को 120 रन पर आउट कर दिया।

रहाणे ने मैच के बाद कहा, "यह मैच हमारे लिये काफी महत्वपूर्ण था । जीतना और बड़े अंतर से जीतना जरूरी था । हम इस विकेट पर पहले गेंदबाजी करना चाहते थे लेकिन टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी।"

उन्होंने कहा, "दो विकेट गंवाने के बाद पारी को संभालने पर बात हुई ताकि विकेट हाथ में रहने पर 11वें-12वें ओवर के बाद आने वाले बल्लेबाज तेजी से रन बना सकें। हमने अपनी गलतियों से बहुत कुछ सीखा है । इस मैच से भी बल्लेबाजी ग्रुप के रूप में सीखेंगे।"

उन्होंने कहा, "जब रिंकू और वेंकटेश बल्लेबाजी कर रहे थे तब लक्ष्य 30 गेंद में 50-60 रन बनाना था। हम 15 ओवर तक सामान्य तरीके से खेलना चाहते थे और उसके बाद हाथ खोलने थे । हमें लगा था कि 170-180 का स्कोर अच्छा होगा लेकिन रिंकू और वेंकटेश ने आगे तक पहुंचा दिया।"

रहाणे ने अपने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा, "हमारे पास तीन बेहतरीन स्पिनर है । बदकिस्मती से मोईन नहीं था लेकिन सनी (सुनील नारायन) और वरूण ने अच्छी गेंदबाजी की। वैभव और हर्षित ने भी बढ़िया प्रदर्शन किया।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article