क्रिकेट

KKR NEW HEAD COACH: कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 की नीलामी से पहले किया नए कोच के नाम का ऐलान

कोलकाता नाइट राइ़डर्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले टीम इंडिया के सहायक कोच अभिषेक नायर को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। वो चंद्रकांत पंड़ित की जगह लेंगे।

Image

अभिषेक नायर और आंद्रे रसेल(फोटो क्रेडिट KKR)

नई दिल्ली: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने गुरुवार को भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया। इस तरह वह आईपीएल फ्रेंचाइजी में चंद्रकांत पंडित की जगह लेंगे जिन्होंने तीन सत्र तक यह जिम्मेदारी संभाली थी। नायर 2018 से केकेआर से जुड़े हुए हैं और उनके टीम प्रबंधन के अहम सदस्यों में से एक हैं। टीम चयन के मामले में ड्रेसिंग रूम में उनका काफी दबदबा रहा है।

2018 से केकेआर के साथ हैं नायर

लगभग नौ महीने तक नायर भारतीय टीम में गौतम गंभीर के कोचिंग दल का हिस्सा थे लेकिन भारत के चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद उन्हें बिना किसी औपचारिकता के बर्खास्त कर दिया गया और सितांशु कोटक को उनकी जगह दी गई। केकेआर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने कहा,'अभिषेक 2018 से नाइट राइडर्स टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर हमारे खिलाड़ियों को तराशा है। खेल के प्रति उनकी समझ और खिलाड़ियों के साथ जुड़ाव हमारी प्रगति में अहम रहा है। हम उन्हें मुख्य कोच के रूप में कार्यभार संभालते हुए देखकर काफी उत्साहित हैं।'

निजी कोच के रूप में मशहूर हैं अभिषेक

केकेआर के सहायक कोच के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान नायर ने युवा प्रतिभाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत के लिए तीन वनडे मैच खेलने वाले 43 वर्षीय नायर निजी कोच के रूप में काफी मशहूर हैं। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से रोहित शर्मा, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक जैसे खिलाड़ियों के साथ काम किया है। इसके अलावा उन्होंने अंगकृष रघुवंशी की प्रतिभा को भी निखारा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article