पाकिस्तान और इंग्लैंड की रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के फाइनल में टक्कर होगी। दोनों टीमें मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर भिड़ेंगी। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने टीम इंडिया को हराकर फाइनल में एंट्री की है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन उसे सेमीफाइनल में 10 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। रोहित ब्रिगेड की हार के बाद भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता किरण मोर ने फाइनल में बाबर आजम के नेतृत्व वाली टीम को सपोर्ट करने का फैसला किया है।
इसलिए सपोर्ट कर रहे मोरे?
पूर्व भारतीय विकेटकीपर मोरे के अनुसार, पाकिस्तान ने पिछले कई सालों के दौरान एक क्रिकेटिंग नेशन के रूप में बहुत कुछ झेला है, जिसकी वजह से उन्होंने खिताब के लिए उसका सपोर्ट करने का निर्णय किया है। मोरे चाहते हैं कि पाकिस्तान इस साल खिताब जीते ताकि उसके क्रिकेट फैंस के चेहरों पर मुस्कान लौटे। बता दें कि सुरक्षा चिंताओं के कारण कई वर्षों तक बड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीमें पाकिस्तान का दौरा करने से कतराती रहीं। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने कुछ महीनों पहले ही पाकिस्तान जाकर सीरीज खेली है।मोरे ने स्पोर्ट्सकीड़ा के साथ इंटरव्यू में कहा, 'पाकिस्तान जिस तरह से क्रिकेट खेल रहा है, ऐसे में जब आप उनके देश को देखें तो वे एक क्रिकेट बोर्ड के रूप में काफी कुछ झेल चुके हैं। कोई भी टीम वहां का दौरा नहीं करती थी। उन्हें मैच खेलने को नहीं मिलते थे। मुझे उम्मीद है कि पाकिस्तान विश्व कप जीतेगा।' हालांकि, मोरे यह भी मानते हैं कि पाकिस्तान के लिए ट्रॉफी जीतना आसान नहीं होगा, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले इंग्लैंड ने पाक टीम को उसी के घर में हराया था।
