क्रिकेट

कमिंदु मेंडिस ने की सर डॉन ब्रैडमैन के 94 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी, बने WTC में सबसे तेज एक हजारी

श्रीलंका के 25 वर्षीय युवा बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस ने अपने करियर के आठवें टेस्ट में पांचवां शतक जड़कर सर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। कमिंदु वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे तेज एक हजार रन बनाने वाले प्लेयर भी बन गए हैं।

Image

कमिंदु मेंडिस

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • कमेंदु मेंडिस ने जड़ा करियर का पांचवां टेस्ट शतक
  • 8वें टेस्ट की 13वीं पारी में किया ये कमाल
  • बने टेस्ट इतिहास के दूसरे सबसे तेज एक हजारी, की ब्रैडमैन की बराबरी

श्रीलंका क्रिकेट की नई सनसनी बनकर उभरे बांए हाथ के 25 वर्षीय बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस का बल्ला टेस्ट क्रिकेट में रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कमिंदु मेंडिस ने लगातार आठ टेस्ट में 50 रन से ज्यादा की 8 पारियां खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बाद गॉल में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दूसरा और अपने करियर का 5वां टेस्ट शतक महज 13 पारियों में पूरा कर लिया। कमिंदु 182 रन की नाबाद पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने शानदार छक्के के साथ सर डॉन ब्रैडमैन के टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने के रिकॉर्ड की बराबरी की।

सर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंचे

टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज एक हजार रन बनाने के मामले में कमिंदु मेंडिस सर डॉन ब्रैडमैन के साथ दूसरे पायदान पर साझा रूप से पहुंच गए हैं दोनों ने ये उपलब्धि 13वीं पारी में हासिल की। टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 1 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के हरबर्ट सुटक्लिफ और वेस्टइंडीज के इवर्टन वीक्स के नाम दर्ज है। दोनों ने करियर की 12वीं टेस्ट पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप इतिहास में सबसे तेज एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड कमिंदु मेंडिस के नाम दर्ज हो गया है।

ऐसा रहा है अबतक प्रदर्शन

कमिंदु मेंडिस के खाते में अबतक खेले 8 टेस्ट की 13 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 91.27 के औसत से 1004 रन बना लिए हैं। इसमें 5 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 182 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

शानदार रहा है टेस्ट करियर

कमिंदु मेंडिस ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू के बाद शानदार कंसिस्टेंसी दिखाई है। डेब्यू टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कमिंदु ने 61 रन की पारी खेली थी। इसके बाद बांग्लादेश दौरे पर उन्होंने सिल्हट टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया। इसके बाद चटगांव टेस्ट में भी उनका बल्ला चला लेकिन वो 92 रन बनाकर नाबाद रहे और लगातार तीसरा शतक नहीं जड़ सके।

इंग्लैंड दौरे पर भी जड़ा शतक

इंग्लैंड दौरे पर कमिंदु ने शानदार बल्लेबाजी की और मैनचेस्टर टेस्ट में शानदार शतक जड़ा। ओवल टेस्ट में टीम की जीत में भी अहम भूमिका अदा की। इसके बाद अपने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में लगातार दो टेस्ट शतक जड़े। उन्होंने 114 रन पहले टेस्ट में बनाए और दूसरे टेस्ट में भी शानदार शतक जड़कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। कमिंदु 182 रन की नाबाद पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने शानदार छक्के के साथ सर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी की।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article