Jos Buttler leave IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में प्लेऑफ में पहुंचने के बेहद करीब खड़ी राजस्थान रॉयल्स की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल टीम के धाकड़ ओेपनर और यशस्वी जायसवाल के साथी जोस बटलर टीम को टूर्नामेंट के बीच में ही छोड़कर अपने देश इंग्लैंड लौट गए हैं। राजस्थान रॉयल्स ने जोस बटलर के जाने का एक वीडियो भी शेयर किया है जिसे देखकर राजस्थान रॉयल्स के फैंस को जरूर बुरा लगेगा।
बटलर ने 11 मैचों में 359 रन बनाए. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 6 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच जिताऊ शतक लगाया। उन्हें अधिकांश मैचों में शुरुआत मिली लेकिन बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। हालांकि इसके बावजूद उनका अनुभव टीम के लिए प्लेऑफ में बेहद काम आता लेकिन लगातार तीन मैच हारकर आ रही टीम के लिए ये बुरी खबर है।
पाकिस्तान के खिलाफ कप्तानी करेंगे बटलर
बटलर पाकिस्तान के खिलाफ चार मैचों की टी20 सीरीज और फिर जून में खेले जाने वाले 2024 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड का नेतृत्व करेंगे। पाकिस्तान-इंग्लैंड टी20 मैच 22, 25, 28 और 30 मई को खेले जाने हैं।राजस्थान रॉयल्स ने 12 मैचों में 8 जीत हासिल की है और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। अगर आरआर अपने अगले दो मैच जीत जाते हैं तो वे शीर्ष दो में समाप्त हो जाएंगे।
