Will Joe root break Sachin Tendulkar Record: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। भारत के खिलाफ मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए चौथे टेस्ट के दौरान उन्होंने रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। रूट के अब 13,543 टेस्ट रन हो चुके हैं और वह अब सिर्फ 2,378 रन पीछे हैं भारतीय महान सचिन तेंदुलकर के 15,921 रनों के रिकॉर्ड से। ऐसे में उनकी नजर अब इस रिकॉर्ड तो तोड़ने पर है।
मोंटी पनेसर का बड़ा बयान – “रूट तोड़ेंगे तेंदुलकर का रिकॉर्ड”
इंग्लैंड के पूर्व स्पिन गेंदबाज मोंटी पनेसर को पूरा भरोसा है कि रूट न केवल सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, बल्कि उससे काफी आगे निकल जाएंगे। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में पनेसर ने कहा कि “वह यह रिकॉर्ड तोड़ देंगे, और उससे आगे भी जाएंगे। मुझे लगता है कि वह 18,000 टेस्ट रन बनाएंगे। वह अभी केवल 34 साल के हैं, और उनके पास 6 साल और खेलने का समय है। 6 साल में वह आराम से 4,000 से 5,000 रन और बना सकते हैं। तेंदुलकर ने 40 की उम्र तक खेला था, और रूट भी उतनी उम्र तक खेल सकते हैं।”
2021 के बाद से जो रूट की गजब की फॉर्म
जो रूट 2021 से लगातार शानदार फॉर्म में हैं। पिछले पांच वर्षों में वह टेस्ट फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस अवधि में 61 टेस्ट मैचों में 56.63 की औसत से 5,720 रन बनाए हैं, जिसमें 22 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं।
WTC में भी सबसे आगे हैं रूट
रूट न केवल सामान्य टेस्ट क्रिकेट में बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 69 मैचों (126 पारियों) में 52.86 की औसत से 6,080 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 21 शतक और 22 अर्धशतक निकले हैं।
कन्वर्ज़न रेट में सुधार, शतकों की संख्या में जबरदस्त इज़ाफा
रूट के करियर का एक और दिलचस्प पहलू यह है कि उन्होंने हाल के वर्षों में अपनी अर्धशतक को शतक में बदलने की दर को काफी बेहतर किया है। 2020 तक उनके नाम 17 शतक और 59 अर्धशतक थे, लेकिन अब वह 49 शतक और 66 अर्धशतक तक पहुंच चुके हैं। यह साफ दर्शाता है कि वह बड़ी पारियां खेलने में पहले से ज्यादा सक्षम हो गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में शतक की तलाश जारी, एशेज में मिलेगी अगली बड़ी चुनौती
हालांकि, रूट को एक बड़ी चुनौती का अब भी सामना करना है — वह अब तक ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक नहीं बना सके हैं। नवंबर 2025 में शुरू होने वाली एशेज सीरीज में रूट के पास यह सूखा खत्म करने का मौका होगा। यह सीरीज उनके करियर और रिकॉर्ड की दौड़ में एक अहम पड़ाव साबित हो सकती है।
