क्रिकेट

सिर्फ 48 रन बनाते ही सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने वाले हैं इंग्लैंड के जो रूट

Joe Root Near World Record Of Sachin Tendulkar: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच लंदन के द ओवल मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में मेजबान टीम के सर्वश्रेष्ठ व सबसे सफल बल्लेबाज जो रूट एक बड़े रिकॉर्ड के करीब हैं। वो 48 रन बनाते हुए सचिन तेंदुलकर का विश्व रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

Image

जो रूट वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • इंग्लैंड-न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट मैच
  • सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ेंगे जो रूट
  • विश्व रिकॉर्ड से बस 48 रन दूर रूट

ENG vs NZ 2nd Test: मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम और मेहमान न्यूज़ीलैंड टेस्ट टीम के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला लंदन के केनिंग्टन ओवल में चल रहा है जो 21 जून तक खेला जाना है। बेन स्टोक्स की गैर-मौजूदगी में जो रूट (Joe Root) टीम की कप्तानी कर रहे हैं। मेहमान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ़ मौजूदा तीन मैचों की घरेलू सीरीज़ के दूसरे टेस्ट में महान बल्लेबाज रूट के पास इतिहास रचने का मौका होगा। टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले रूट दूसरे टेस्ट में सचिन तेंदुलकर का दो खास रिकॉर्ड की बराबरी करने व तोड़ने के करीब हैं।

जो रूट ने अब तक 164 टेस्ट मैचों की 300 पारियों में कुल 13,952 रन बना लिए हैं। वहीं दूसरी ओर, तेंदुलकर ने 200 मैचों में 15,921 रन बनाकर अपना 24 साल लंबा टेस्ट करियर खत्म किया था। अगर जो रूट मौजूदा टेस्ट मैच में 48 रन बना लेते हैं तो वो विश्व क्रिकेट में दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन जाएंगे जिसके नाम 14,000 टेस्ट रन हो जाएंगे। अब तक सचिन के अलावा कोई भी खिलाड़ी इस आंकड़े को पार नहीं कर सका है। इसके अलावा रूट एक और कमाल कर सकते हैं, वो सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

सचिन का कौन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं रूट?

जो रूट न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट मैच (उनके करियर का 165वां टेस्ट) में 14,000 रन का आंकड़ा छू सकते हैं, जबकि तेंदुलकर को टेस्ट क्रिकेट में ऐसा करने के लिए 279 पारियों और 171 टेस्ट की ज़रूरत पड़ी थी। अगर रूट ऐसा करने में सफल हो जाते हैं तो वो सबसे तेज 14 हजार टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।

जो रूट और कितने रिकॉर्ड्स बनाने के करीब हैं

टेस्ट में 14 हजार रन का आंकड़ा छूने के अलावा जो रूट के पास न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 2,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बनने का मौका भी होगा। इसके अलावा, 2012 में अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले जो रूट ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ 22 मैचों में 1,934 रन बनाए हैं। 2,000 रन का आंकड़ा छूने के लिए उन्हें ओवल टेस्ट में 66 रन बनाने होंगे। उन्होंने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ 54 इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों (टेस्ट, वनडे और T20I) में 3,106 रन बनाए हैं। अगर वे मौजूदा टेस्ट मैच में कम से कम 62 रन बना लेते हैं, तो वे रिकी पोंटिंग और विराट कोहली को पीछे छोड़कर न्यूजीलैंड के खिलाफ़ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच जाएंगे।

कुल मिलाकर जो रूट के लिए ओवल टेस्ट ऐतिहासिक और यादगार बन सकता है। फिलहाल ओवल टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 291 रन बना चुकी थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article