क्रिकेट

Joe Root's 38th Test Century: भारत के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में चमके जो रूट, जड़ा करियर का 38वां शतक, लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी

जो रूट ने भारत के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतक जड़कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। जानिए रूट ने अपने टेस्ट करियर के 38वें टेस्ट शतक के साथ अपने नाम किए कौन से रिकॉर्ड?

Image

जो रूट (फोटो क्रेडिट AP)

मैनचेस्टर: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज जो रूट का टेस्ट क्रिकेट में रन बनाने का सिलसिला भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में भी जारी है। शुक्रवार को जो रूट ने मैनचेस्टर में खेले जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट के दूसरे दिन अपने टेस्ट करियर का 38वां शतक पूरा कर लिया। रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मोर्चा संभाला और 178 गेंद में गेंद में 12 चौके की मदद से अपना शतक किया और इंग्लैंड को पहली पारी में 400 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। रूट ने अपनी इस पारी के दौरान राहुल द्रविड़, जैक कैलिस और रिकी पॉन्टिंग जैसे दिग्गजों को पछाड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

कुमार संगकारा की बराबरी पर पहुंचे

यह रूट के टेस्ट करियर का 38वां शतक है। टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में रूट श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कुमार संगकारा के साथ साझा रूप से चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। रूट ने करियर के 157वें टेस्ट की 286वीं पारी में 38वां शतक जड़ा। वहीं संगकारा के खाते में 134 टेस्ट की 233 पारियों में 38 शतक दर्ज हैं। रूट अब टेस्ट शतकों के मामले में सचिन तेंदुलकर(51), जैक कैलिस (45) और रिकी पॉन्टिंग (41) से पीछे हैं।

रनों की रेस में तीसरे पायदान पर पहुंचे

जो रूट अपनी शतकीय पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे पायदान पर पहुंच गए। अपनी पारी में 30 रन के आंकड़े को पार करते ही रूट ने राहुल द्रविड़(13,288) और 31 रन बनाते ही जैक कैलिस (13,289) को पीछे छोड़ दिया। खबर लिखे जाने तक रूट ने 13,364 रन बना लिए हैं। रिकी पॉन्टिंग को पछाड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। सचिन के खाते में 15, 921 रन दर्ज हैं।

मैनचेस्टर में बने एक हजारी

जो रूट ने अपनी शतकीय पारी के दौरान मैनचेस्टर में टेस्ट क्रिकेट में एक हजार रन पूरे कर लिए। इस मुकाम पर पहुंचने वाले जो रूट दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। रूट ने 22 रन के आंकड़े को छूते ही ये विशिष्ट उपलब्धि अपने नाम कर ली।

भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक

जो रूट भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में स्टीव स्मिथ से आगे निकल गए हैं। स्मिथ ने भारत के खिलाफ करियर में 11 शतक जड़े हैं। रूट ने उन्हें मौजूदा सीरीज का दूसरा शतक जड़कर स्मिथ को पीछे छोड़ दिया है। उनके खाते में भारत के खिलाफ 12 टेस्ट शतक दर्ज हो गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article