क्रिकेट

IND vs ENG: मैनचेस्टर में रूट ने बनाया टीम इंडिया के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड, पीछे छूटे दिग्गज

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन जो रूट ने अपने टेस्ट करियर की 38वीं सेंचुरी पूरी की। वह 150 रन बनाकर आउट हुए, इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

Image

जो रूट (साभार-ICC)

दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज और इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी जो रूट का भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन जारी है। मैनचेस्टर टेस्ट में शुक्रवार को उन्होंने 150 रन की ऐतिहासिक पारी खेली और भारत के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दरअसल यह भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उनका 12वां शतक था। उन्होंने स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ दिया है और अब वह भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके अब भारत के खिलाफ 12 शतक हो गए हैं।

इतना ही नहीं भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर रूट के अब नौ टेस्ट शतक हो गए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा घरेलू मैदान पर किसी भी विपक्षी टीम के खिलाफ लगाए गए सर्वाधिक शतक हैं। उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डॉन ब्रैडमैन के इंग्लैंड के खिलाफ लगाए गए आठ शतकों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। यह रूट का इंग्लैंड में 23वां टेस्ट शतक था, जो रिकी पोंटिंग, जैक्स कैलिस और महेला जयवर्धने के साथ घरेलू टेस्ट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा लगाया गया संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक है।

रूट पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। पोंटिंग ने 168 टेस्ट मैचों में 51.85 की औसत से 41 शतकों और 62 अर्धशतकों के साथ 13,378 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 257 रन रहा। अब, वे बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं और रूट दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

रूट ने 157 टेस्ट मैचों की 286 पारियों में 51.26 की औसत से 38 शतकों और 66 अर्धशतकों के साथ 13,380 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 262 रन है।

रूट ने टेस्ट में संयुक्त रूप से चौथे सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में श्रीलंका के महान खिलाड़ी कुमार संगकारा (38 शतक) की बराबरी कर ली है और अब वह पोंटिंग (41), दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस (45) और तेंदुलकर (51) से पीछे हैं। मैच की बात करें तो, रूट और स्टोक्स की 142 रन की साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट के नुकसान पर 544 रन बना लिए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article