सिलहट: जेमिमा रॉड्रिग्ज (76) और दयालन हेमलता (3 विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को महिला एशिया कप में अपने अभियान की विजयी शुरूआत की। भारतीय टीम ने सिलहट में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका को 41 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 150 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 18.2 ओवर में 109 रन पर ऑलआउट हुई। जेमिमा रॉड्रिग्ज को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय गेंदबाजों का कमाल
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को हर्षिता समरविक्रमा (26) और कप्तान चमारी अट्टापट्टु (5) ने 25 रन की साझेदारी करके सधी हुई शुरूआत दिलाई। दीप्ति शर्मा ने चमारी को रेनुका के हाथों कैच आउट कराकर श्रीलंका को पहला झटका दिया। मालशा शेहानी (9) को दीप्ति शर्मा ने रन आउट करके श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। हर्षिता भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकी और मंधाना व घोष के संयुक्त प्रयास पर रन आउट होकर डगआउट लौटी।
श्रीलंका के केवल 61 रन पर पांच विकेट गिर गए थे। हसिनी परेरा (30) एक छोर पर खड़े रही, लेकिन दूसरे छोर से नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे। नीलाक्षी डी सिल्वा (3) को पूजा वस्त्राकर ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। कविशा दिलहारी (1) को वस्त्राकर ने रेनुका के हाथों कैच आउट कराकर श्रीलंका को पांचवां झटका दिया। अनुष्का संजीवनी को राधा यादव ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया।
श्रीलंका का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा था कि ओशादी रणसिंघे (11) को हेमलता ने राणा के हाथों कैच आउट करा दिया। शर्मा ने परेरा को यादव के हाथों कैच आउट कराकर श्रीलंका का 9वां विकेट गिराया। हेमलता ने अचिनि कुलसूर्या को स्टंपिंग कराकर श्रीलंकाई पारी का अंत किया। भारत की तरफ से दयालन हेमलता ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। पूजा वस्त्राकर और दीप्ति शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। राधा यादव को एक सफलता मिली।
जेमिमा का धांसू अर्धशतक
पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित भारत की शुरूआत अच्छी नहीं रही। स्मृति मंधाना (6) और शैफाली वर्मा (10) जल्दी-जल्दी डगआउट लौटीं। यहां से जेमिमा रॉड्रिग्ज (76) और हरमनप्रीत कौर (33) ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी करके टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। रणसिंघे ने कौर को स्टंपिंग कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। कौर ने 30 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए।
18वें ओवर में अट्टापट्टु ने रॉड्रिग्ज को बोल्ड करके उनकी पारी पर विराम लगाया। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने 53 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 76 रन बनाए। ऋचा घोष (9) को रणसिंघे ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 150 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से ओशादी रणसिंघे ने तीन विकेट लिए। सुगंदिका कुमारी और चमारी अट्टापट्टु को एक-एक सफलता मिली।
