क्रिकेट

जीत की भूख बढ़ गई हैः वर्ल्ड चैंपियन क्रिकेटर जेमिमा रोड्रिग्स ने बताया अब कौन सा खिताब जीतकर दिखाना है

Jemimah Rodrigues Champions Trophy Ambitions: महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीतने की भूख अब बढ़ चुकी है और अब अगला लक्ष्य भी तय हो चुका है। ऐसा कहना है टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स का, जिन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए हैं।

Image

जेमिमा रोड्रिग्स ने बताए टीम इंडिया अब क्या जीतना चाहती है (Instagram/JemimahRodrigues)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अगला बड़ा लक्ष्य
  • जेमिमा रोड्रिग्स ने बयां किया, अब जीत की भूख बढ़ चुकी है
  • पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी का जेमिमा को बेसब्री से इंतजार

पिछले कुछ सालों में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट की तस्वीर बदल दी है। एक समय था जब फैंस सिर्फ पुरुष क्रिकेट मैचों की तरफ ही आकर्षित होते थे, लेकिन अब नया दौर है, जहां महिला टीम मैदान पर उतरती भी है, खेलती भी है और चैंपियन भी बनती है। यही वजह है कि मेहनत रंग लाई और हम वर्ल्ड चैंपियन बने। लेकिन जीत के साथ आती है और जीतने की चाहत। ऐसा ही कुछ भारतीय खिलाड़ियों के साथ हो रहा है, जो एक सकारात्मक रुख है। टीम इंडिया की अहम खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने भी इसी बात को लेकर अपने इरादे और अगले लक्ष्य का खुलासा कर दिया है।

जेमिमा रोड्रिग्स का मानना है कि भारत की पहली ICC महिला क्रिकेट विश्व कप जीत ने टीम की सफलता की भूख और बढ़ा दी है। वो उस एहसास को फिर से जीना चाहती हैं जब भारत पहली बार होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी में खेलेगा। पिछले साल घरेलू मैदान पर भारत की विश्व कप जीत टीम के लिए एक यादगार पल था। इससे रोड्रिग्स और उनकी टीम की साथियों को पता चला कि अंतरराष्ट्रीय खिताब जीतने के लिए क्या करना पड़ता है। बल्लेबाज का मानना है कि उस उपलब्धि ने टीम को और खिताब जीतने के लिए प्रेरित किया है।

पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी, बेसब्री से है इंतजार

जेमिमा रोड्रिग्स ने Jio Star पर कहा, "हमने एक बार सफलता का स्वाद चखा है और हम जानते हैं कि टॉप पर होने पर कैसा लगता है। आप जितना ज़्यादा इसका स्वाद चखते हैं, उतना ही ज़्यादा आप वहां बने रहना चाहते हैं। हमारी टीम उसी दिशा में काम कर रही है और हां, चैंपियंस ट्रॉफी बहुत खास होने वाली है। महिला क्रिकेट में यह पहली बार हो रहा है और मैं भी पहली बार इसका हिस्सा बनूंगी, इसलिए यह बहुत खास होगा और मैं इसका बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूँ। मुझे लगता है कि सोच के नज़रिए से कुछ नहीं बदलता। आखिर में, बात टीम की होती है और टीम को कैसे जिताया जाए, यही मायने रखता है और यह हमेशा बना रहता है।"

उससे पहले है दक्षिण अफ्रीका दौरे की चुनौती

इससे पहले कि भारतीय खिलाड़ी चंपियंस ट्रॉफी पर फोकस करें, भारत दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के चुनौतीपूर्ण मल्टी-फ़ॉर्मेट दौरे पर जाएगा। सात मैचों का ये दौरा 9 दिसंबर को ग्केबरहा में एक टेस्ट मैच के साथ शुरू होगा, जिसके बाद 16 दिसंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज और 26 दिसंबर से तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

जेमिमा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ़ एक और सीरीज का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर ही अपना पहला महिला क्रिकेट विश्व कप खिताब जीता था। उन्होंने कहा, "यह निश्चित रूप से एक बहुत रोमांचक सीरीज़ होने वाली है। दोनों टीमें बहुत अच्छा खेल रही हैं। हाल के दिनों में हमारी उनके साथ कड़ी टक्कर रही है और हमने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ़ कई मैच खेले हैं। मुझे लगता है कि यह बहुत शानदार होगा, क्योंकि दुनिया की दो शीर्ष टीमें दक्षिण अफ्रीका में आमने-सामने होंगी। यह एक बड़ी चुनौती होगी और हम इसका बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।"

जेमिमा हाल ही में 'द हंड्रेड 2026' में सदर्न ब्रेव के लिए खेलीं, जहाँ उन्होंने छह मैचों में 143 रन बनाए और टीम को प्लेऑफ़ में पहुँचाने में मदद की। इस टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने दो बार 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' वाला प्रदर्शन किया, लेकिन हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण उन्हें बीच में ही टूर्नामेंट छोड़ना पड़ा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article