क्रिकेट

एशिया कप से पहले टीम इंडिया को झटका, चोट के कारण बाहर हुईं जेमिमा

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जान और मिडिल ऑर्डर बैटर जेमिमा रॉड्रिग्स चोट के कारण द हंड्रेड टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। 28 अगस्त से एशिया कप का आगाज होना है और ऐसे में उनका चोटिल होना हरमन एंड ब्रिगेड के लिए बुरी खबर है।

Image

जेमिमा रॉड्रिग्स (साभार-X)

28 अगस्त से शुरू हो रहे विमेंस एशिया कप से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारतीय महिला टीम की प्रमुख बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स सदर्न ब्रेव तरफ से खेलते हुए मांसपेशियों में खिंचाव (हैमस्ट्रिंग) के कारण मौजूदा ’द हंड्रेड’ क्रिकेट टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं और उनका आगामी महिला टी20 एशिया कप में खेलना भी संदिग्ध है। सदर्न ब्रेव ने शनिवार को पुष्टि की कि टूर्नामेंट के शेष मैचों के लिए जेमिमा की जगह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है।

सदर्न ब्रेव ने एक्स पर पोस्ट किया, ’’हम पुष्टि करते हैं कि जेमिमा रॉड्रिग्स के चोट के कारण ’द हंड्रेड’ से बाहर हो जाने के बाद बाकी बचे मैचों के लिए उनकी जगह चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है। जेमी हम आपके जल्द से जल्द फिट होने की कामना करते हैं।’’ यह सदर्न ब्रेव की टीम के लिए भी झटका है, क्योंकि जेमिमा दो मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रह चुकी थीं। सदर्न ब्रेव के दो मुकाबले बाकी हैं और उसका फाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है। सदर्न ब्रेव ने जेमिमा के रिप्लेसमेंट के तौर पर ऑस्ट्रेलियाई बैटर चार्ली नॉट को शामिल कर लिया है।

25 वर्षीय जेमिमा ने ब्रेव की तरफ से छह पारियों में 35.75 के औसत और 131.19 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 42 रन रहा।

महिला टी20 एशिया कप 28 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें भारत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। जेमिमा के पास इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट तक फिट होने के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय है। टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में 3 मुकाबला खेलेगी। दूसरा मुकाबला 3 सितंबर को हांगकांग से जबकि तीसरा और आखिरी लीग मुकाबला 5 सितंबर को पाकिस्तान से खेला जाना है। पहला और दूसरा सेमीफाइनल 10 और 11 सितंबर को खेला जाएगा जबकि फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article