नई दिल्ली: टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने छह महीने के अंतराल के बाद टी20 सेटअप में वापसी करते ही अपने नाम एक और उपलब्धि कर ली। भारतीय टीम ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला मेजबान अफगानिस्तान के खिलाफ किया। ऐसे में भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी का आगाज करने आए बुमराह ने पारी की दूसरी गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को स्लिप पर कैच कराकर चलता कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
350 टी20 विकेट चटकाने वाले तीसरे भारतीय
गुरबाज का विकेट चटकाते ही बुमराह का नाम टी20 क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में शामिल हो गया। बुमराह से पहले ये उपलब्धि युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार हासिल कर सके। टी20 क्रिकेट में युजवेंद्र चहल ने 396 विकेट चटकाए हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने टी20 क्रिकेट में 363 विकेट अपने नाम किए हैं। इस सूची में जगह बनाने वाले बुमराह तीसरे खिलाड़ी और दूसरे पेसर हैं। उन्होंने ये उपलब्धि 284वें मैच की 281वीं पारी में हासिल की है। बुमराह ने भारत के लिए खेले 96 मैच की 93 पारी में 122 विकेट चटकाए हैं। वहीं आईपीएल में उन्होंने 158 मैच में 187 विकेट अपने नाम किए हैं।
टी20 विश्व कप फाइनल के बाद खेला पहला टी20 मुकाबला
बुमराह अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार को खेले गए मुकाबले से पहले अपना आखिरी टी20 मैच 8 मार्च, 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। यह टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला था। टीम इंडिया उस मुकाबले में जीत दर्ज करके लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनी थी। उसके बाद से बुमराह भारत के लिए 6 महीने में एक भी अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच नहीं खेले थे। चोट से उबरकर वापसी करते ही उन्होंने साबित कर दिया कि किसी भी फॉर्मेट में बुमराह की चमक अभी फीकी नहीं पड़ी है।
