इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज आगामी 20 जून को होने जा रहा है। पहला मुकाबला 20 जून को लीड्स में खेला जाएगा। युवा भारतीय टीम के सामने इस बार खुद को साबित करने की जिम्मेदारी है। बल्लेबाजी में केएल राहुल, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत और करुण नायर जैसे खिलाड़ियों पर नजर होगी तो गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह के पास है।
हालांकि, बुमराह का सभी 5 मैच न खेल पाना टीम के लिए एक झटका जरूर है। बुमराह ने अपनी उपलब्धता पर कहा कि उनकी कोशिश कम से कम 3 मुकाबला खेलने की होगी। उन्होंने साफ किया कि वह पहला टेस्ट जरूर खेलेंगे। अगर वह 3 टेस्ट भी खेल पाते हैं तो उनके पास ईशांत शर्मा से आगे निकलने का सुनहरा मौका है। फिलहाल बुमराह इससे 15 विकेट दूर हैं।
ईशांत को पीछे छोड़ सकते हैं बुमराह
"जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 37 विकेट लिए हैं। अगर वह इस सीरीज में 15 विकेट लेने में सफल होते हैं, तो उनके कुल 52 विकेट हो जाएंगे। इस तरह वह ईशांत शर्मा को पीछे छोड़कर इंग्लैंड में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे।
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय
| खिलाड़ी | इंग्लैंड में विकेट |
|---|---|
| इशांत शर्मा | 51 |
| कपिल देव | 43 |
| मोहम्मद शमी | 42 |
| जसप्रीत बुमराह | 37 |
| अनिल कुंबले | 36 |
3 टेस्ट मैच खेलेंगे जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने स्काई स्पोर्ट्स पर दिनेश कार्तिक के साथ बातचीत में साफ किया है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में 5 टेस्ट मैच तो नहीं खेल पाएंगे, लेकिन उनकी कोशिश 3 टेस्ट मैच खेलने की रहेगी। पहला टेस्ट निश्चित रूप से वह खेलने वाले हैं। उन्होंने इस बातचीत में यह भी साफ किया कि बीसीसीआई ने उन्हें कप्तान बनने का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने वर्कलोड को देखते हुए इसे न स्वीकार करने का फैसला किया।
