बर्मिंघम: इंग्लैंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्थिम का बल्ला आखिरकार टीम इंडिया के खिलाफ बर्मिंघम में चल निकला। जैमी जब बल्लेबाजी करने उतरे उस वक्त इंग्लैंड ने 84 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में उन्होंने हैरी ब्रूक के साथ मोर्चा संभाला और तेजी से रन बनाते हुए 43 गेंद में अपना अर्धशतक 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। अर्धशतक पूरा करने के बाद स्मिथ ने गियर बदला और तीसरे दिन लंच से ठीक पहले करियर का दूसरा टेस्ट शतक 80 गेंद में 14 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।
जड़ा इंग्लैंड के लिए तीसरा सबसे तेज टेस्ट शतक
स्मिथ का शतक इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में साझा रूप से तीसरा सबसे तेज शतक है। उन्होंने इस मामले में हैरी ब्रूक की बराबरी कर ली। ब्रूक ने साल 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ 80 गेंद में शतक पूरा किया था। इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड गिल्बर्ड जेसप के नाम दर्ज है। जेसप ने 123 साल पहले 1902 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 76 गेंद में शतक जड़ा था। इस सूची में दूसरे पायदान पर जॉनी बेयर्स्टो हैं। उन्होंने साल 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 77 गेंद में शतक जड़ा था।
ब्रूक के साथ की शतकीय साझेदारी
भारत के 587 रन के जवाब में इंग्लैंड की टीम तीसरे दिन 84 रन पर 5 विकेट गंवाकर बैकफुट पर नजर आ रही थी। कप्तान बेन स्टोक्स खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में बल्लेबाजी करने स्मिथ उतरे। दूसरे छोर पर खड़े हैरी ब्रूक का उन्होंने टिककर साथ दिया और तेजी से रन बनाए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 89 गेंद में शतकीय और 138 गेंद में 150 रन की साझेदारी करके इंग्लैंड को 200 रन के पार पहुंचा दिया। तीसरे दिन के पहले सत्र में इंग्लैंड ने 5 विकेट पर 249 रन बना लिए हैं। दोनों के बीच रन की साझेदारी हो गई है। स्मिथ 102 और ब्रूक 91 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 165* (154) रन की साझेदारी हो गई है।
ऐसा रहा है स्मिथ का टेस्ट करियर
भारत के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट से पहले जैमी स्मिथ ने इंग्लैंड के लिए 11 टेस्ट की 18 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 45.31 के औसत से 725 रन बनाए थे। जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। 111 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ये पारी उन्होंने अगस्त, 2024 में मैनचेस्टर में श्रीलंका के खिलाफ करियर के पांचवें टेस्ट में खेली थी। दूसरे टेस्ट शतक के लिए स्मिथ को तकरीबन एक साल लंबा इंतजार करना पड़ा। 13 पारी और 7 टेस्ट बाद स्मिथ तीन अंक के आंकड़े तक पहुंचने में सफल हुए हैं। खबर लिखे जाने तक स्मिथ 102 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनके खाते में 826 रन दर्ज हो गए हैं।
