क्रिकेट

जेम्स एंडरसन ने आधिकारिक तौर पर किया संन्यास का ऐलान, जहां किया आगाज वहीं खत्म करेंगे करियर

James Anderson Retirement: टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने आखिरकार संन्यास का ऐलान कर दिया है। 41वर्षीय एंडरसन वेस्टइंडीज के खिलाफ करियर का आखिरी टेस्ट लॉर्ड्स में खेलेंगे।

Image

जेम्स एंडरसन(साभार James Anderson)

KEY HIGHLIGHTS
  • जेम्स एंडरसन ने किया संन्यास का ऐलान
  • 10 जुलाई को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेंगे आखिरी टेस्ट
  • लॉर्ड्स में शुरू हुआ करियर वहीं करेंगे खत्म

James Anderson: टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने आखिरकार संन्यास का ऐलान कर दिया है। एंडरसन ने जिस मैदान पर साल 2003 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी उसी लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वो करियर का आखिरी टेस्ट भी खेलेंगे। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच ये मुकाबला 10 से 14 जुलाई के बीच लॉर्ड्स में खेला जाएगा। ये सीरीज का पहला टेस्ट मैच होगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेंगे करियर का आखिरी टेस्ट

एंडरसन ने अपने इंन्स्टाग्राम पेज पर संन्यास का ऐलान करते हुए कहा, मैं आपसे यह करना चाहता हूं कि इस साल गर्मियों लॉर्ड्स में खेला जाना वाला पहला टेस्ट मैच मेरा आखिरी टेस्ट होगा। जिस खेल से मुझे बचपन से प्यार था उसमें देश का 20 साल प्रतिनिधित्व करना शानदार रहा। मैं इंग्लैंड के लिए मैदान पर उतरने के लम्हे को सबसे ज्यादा मिस करूंगा। लेकिन मुझे पता है कि खेल से विदा लेने का ये सही समय है जिससे कि दूसरे खिलाड़ी अपने सपनों को पूरा कर सकें जैसा कि मैं कर सका क्योंकि इससे बेहतर अहसास और कुछ नहीं हो सकता।

समर्थकों का अदा किया शुक्रिया

मैंने जो कुछ भी हासिल किया वो डेनेलिया, लोला, रूबी और मेरे माता-पिता के प्यार और सहयोग के बगैर संभव नहीं था। उन सभी का बहुत शुक्रिया। उन सभी कोच और साथी खिलाड़ियों का भी शुक्रिया जिन्होंने इसे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ काम बनाया। मैं जीवन में आने वाली नई चुनौतियों का सामना करने के लिए उत्साहित हूं। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने मेरा इतने सालों तक समर्थन किया। मेरे लिए यह बहुत अहम था भले ही मैंने इसे अपने चेहरे से जाहिर नहीं होने दिया। आप सभी से टेस्ट मैच में मुलाकात होगी। आपका जिमी

साल 2003 में जिंबाब्वे के खिलाफ किया था टेस्ट डेब्यू

एंडरसन ने साल 2003 में जिंबाब्वे के खिलाफ लॉर्ड्स में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। 21 साल बाद वो टेस्ट क्रिकेट इतिहास के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनसे ज्यादा विकेट दुनिया में और किसी पेसर ने नहीं लिए हैं। उनके नाम 187 टेस्ट की 264 पारियों में 700 विकेट दर्ज हैं। इस दौरान 42 रन देकर 7 विकेट उनका एक पारी में और 71 रन देकर 11 विकेट सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। उन्होंने 32 बार टेस्ट में पांच और 3 बार 10 विकेट लिए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article