क्रिकेट

Nepal vs Italy: नेपाल को रौंदकर इटली ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 17वें मैच में इटली ने नेपाल के खिलाफ जीत दर्जकर इतिहास रच दिया। टीम टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की। जीत कोई छोटी-मोटी नहीं रही, बल्कि 10 विकेट से नेपाल को शिकस्त दी। नेपाल ने पहले खेलते हुए 123 बनाए थे। इटली ने 12.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

Image

इटली ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इटली के खिलाड़ियों के लिए 12 फरवरी 2026 एक यादगार दिन रहा। एक ऐसा दिन जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे। अपनी फुटबॉल टीम और पिज्जा के लिए मशहूर इटली ने अब क्रिकेट में भी कमाल कर दिखाया है। टी20 विश्व कप में अपनी जीत हासिल की। एक ऐसा सपना साकार हुआ है जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस ऐतिहासिक जीत में मोस्का बंधुओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड के खिलाफ अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान करने वाली नेपाल की टीम 19.3 ओवर में 123 रन बनाकर सिमट गई। इसके जवाब में मोस्का बंधुओं ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से नेपाल को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया और 12.4 ओवर में 124 रन बनाकर 10 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

नहीं चले नेपाल के बल्लेबाज

पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की शुरुआत खराब रही। 8 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिरा। 49 के स्कोर तक आते-आते तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। वहीं, 96 के स्कोर पर पांच बल्लेबाज डग आउट में जा पहुंचे। नेपाल के लिए आसिफ शेख (20), कप्तान रोहित (23) और आरिफ शेख (27) ने कुछ हद तक लड़ाई लड़ने की कोशिश की।

इटली के गेंदबाजों का कहर

हालांकि, इटली के गेंदबाजों के आगे नेपाल के बल्लेबाज बेदम दिखे। इटली की तरफ से क्रिशन कलुगामेज ने 4 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं, बेन मैनेंटी ने 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए।

मोस्का बंधुओं की तूफानी बल्लेबाजी

लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली ने दमदार शुरुआत की। जस्टिन मोस्का और एंथोनी मोस्का ने बिना किसी हड़बड़ाहट के टारगेट को चेज करने की नींव रखी। लक्ष्य भले ही ज्यादा नहीं था, लेकिन उन्होंने उसे 12.4 ओवरों में ही ध्वस्त कर दिया। नेपाल की हर कोशिश नाकाम रही। मोस्का बंधुओं के बल्ले से छक्कों की बौछार हो रही थी। जस्टिन 44 गेंद पर 60 और एंथोनी 32 गेंद पर 62 रन बनाकर नाबाद रहे।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article