क्रिकेट

IND vs NAM: भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले नामीबिया के कप्तान की बचकानी हरकत, ICC पर लगाया बड़ा आरोप

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में भारत का सामना नामीबिया से होगा। मैच से पहले नामीबिया के कप्तान ने बचकानी हरकत कर दी है। विपक्षी टीम के कप्तान ने आरोप लगाया है कि 2026 टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ होने वाले मैच से पहले भारत को अनुचित लाभ दिया गया है। यह मैच गुरुवार (12 फरवरी) को शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार) दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होगा।

Image

नामीबिया के कप्तान का बड़ा आरोप। फोटो- AP

India vs Namibia T20 World Cup Match: नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 2026 टी20 विश्व कप के आयोजकों पर सवाल उठाकर नये विवाद को जन्म दे दिया है। इरास्मस के सवाल उठाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। यह सवाल गुरुवार (12 फरवरी) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत के खिलाफ होने वाले 2026 टी20 विश्व कप के मुकाबले से पहले उठाया गया है।

दिन-रात को खेले जाने वाला मुकाबला ट्रिपल-हेडर का अंतिम मैच होगा और भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। मैच से पहले इरास्मस इस बात से नाखुश थे कि नामीबिया टीम को मैच से पहले लाइट्स में अभ्यास करने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। 30 वर्षीय इरास्मस ने दावा किया कि जहां भारत को लगातार दो दिनों तक रात में अभ्यास करने की अनुमति दी गई थी, वहीं सूर्यास्त के बाद और फ्लडलाइट चालू होने के बाद उन्हें एक भी अभ्यास सत्र नहीं मिला।

'जो चाहे मतलब निकाल लो'

प्रेस कॉन्फ्रेंस में इरास्मस ने कहा, हां, इस मैच से पहले हमें रात में ट्रेनिंग का कोई सेशन नहीं दिया गया, पता नहीं क्यों। मुझे लगता है भारत के दो रात के ट्रेनिंग सेशन है और बाद में कनाडा का भी रात का ट्रेनिंग सेशन लिया, हमें रात में प्रैक्टिस करने का मौका नहीं मिला। तो आप इसका जो मतलब चाहें निकाल लें, लेकिन हम बस मैदान पर उतरेंगे और अपने नामीबियाई तरीके से खेलेंगे, यानी डटकर मुकाबला करेंगे।

फ्लडलाइट्स को लेकर जताई चिंता

इरास्मस ने आगे बताया कि नामीबिया के घरेलू मैदानों पर फ्लडलाइट्स की कमी के कारण उन्हें अक्सर रात में खेलने का मौका नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि रात में खेलने से अलग तरह की चुनौतियां सामने आती हैं और खिलाड़ियों के लिए इसके अभ्यस्त होना महत्वपूर्ण है। टूर्नामेंट में नामीबिया का पहला मैच सुबह 11:00 बजे हुआ। जबकि उनके अगले दो मैच दोपहर 3:00 बजे यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ क्रमशः चेन्नई और कोलंबो में शुरू होंगे।

इस बीच, भारत और नामीबिया इतिहास में दूसरी बार टी20 के सबसे छोटे प्रारूप में एक-दूसरे का सामना करेंगे। दुबई में 2021 टी20 विश्व कप के दौरान हुए पहले मुकाबले में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article