क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी की फिटनेस पर उठे सवाल, राजस्थान के असिस्टेंट कोच ट्रेवर पेनी ने दिया करारा जवाब

मुंबई इंडियन्स के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले से पहले राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे 15 साल के आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की फिटनेस पर उठे सवाल का सहायक कोच ट्रेवर पेनी ने करारा जवाब दिया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

मुंबई: राजस्थान रॉयल्स के सहायक कोच ट्रेवर पेनी ने शनिवार को कहा कि एक आईपीएल सत्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब खड़े 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को विकेटों के बीच ज्यादा दौड़ने जरूरत नहीं है और उसकी फिटनेस पर कोई शक नहीं है। सूर्यवंशी ने इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र में अब तक 53 छक्के लगाए हैं और वह गेल के एक सत्र में 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने से महज छह छक्के दूर हैं।

अच्छे फील्डर हैं वैभव सूर्यवंशी

पेनी ने राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर यहां पत्रकारों से कहा,'सूर्यवंशी की विकेटों के बीच दौड़ बहुत अच्छी है। लेकिन उसे विकेटों के बीच ज्यादा दौड़ने की जरूरत नहीं पड़ती। बात तो बस क्रिस गेल के छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने की है।' पेनी ने कहा कि मैदान पर सूर्यवंशी के हुनर पर कोई शक नहीं है और उसे बल्लेबाजी के लिए तरोताजा रखने के लिए मैचों के दौरान क्षेत्ररक्षण से दूर रखा गया है। उन्होंने कहा, 'वह बहुत अच्छा क्षेत्ररक्षक है। उसके हाथ बहुत अच्छे हैं। वह अच्छी तरह से मूव करता है, डाइव लगाता है, पहले से अंदाजा लगा लेता है, उसमें ये सब खूबियां हैं। बस चीजें इसी तरह से काम कर रही हैं, कभी-कभी जब वह बल्लेबाजी की शुरुआत करता है तो दूसरी पारी में तरोताजा रहता है।'

वैभव को इस वजह से रखा फील्डिंग से दूर

पूर्व भारतीय क्षेत्ररक्षण कोच ने कहा,'यह हमारे लिए फ़ायदेमंद रहा है इसलिए 'क्यों' की कोई खास वजह नहीं है कि वह खराब क्षेत्ररक्षक है इसलिए हम उसे क्षेत्ररक्षण नहीं करवा रहे हैं। इसका उससे कोई लेना-देना नहीं है। यह बस हालात की बात है। हमें उससे ज्यादा बात करने की जरूरत नहीं पड़ती, वह बस अपनी ही दुनिया में मस्त रहता है। वह कड़ा अभ्यास करता है और जब खेलने के लिए मैदान पर उतरता है, तो बस खेल का मज़ा लेता है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article