क्रिकेट

इरफान पठान की भविष्यवाणी, फिट रहा तो जल्द भारत के लिए खेलेगा यह तेज गेंदबाज

कोलकाता के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का पहला फाइफल लेने वाले मोहसिन खान को लेकर इरफान पठान ने बड़ी भविष्यवाणी की है। हालांकि, फाइफर के बावजूद लखनऊ की टीम सुपर ओवर में हार गई थी।

Image

मोहसिन खान (साभार-X)

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन खान को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। पठान का मानना है कि अगर वह चोटों से निजात पाने में कामयाब रहे तो वह टीम इंडिया के लिए खेल सकते हैं। उनका मानला है कि उनके राह में एकमात्र बाधा फिटनेस की है। उत्तर प्रदेश के 27 साल के छह फीट तीन इंच लंबे मोहसिन ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने अपने पिछले चार मैच में नौ विकेट लिए हैं जिसमें रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 23 रन पर पांच विकेट भी शामिल हैं।

मोहसिन की मेडन ओवर में विकेट लेने की काबिलियत पर ’जियो स्टार’ विशेषज्ञ पठान ने कहा, ’’जब भी वह मेडन ओवर डालता है तो हमेशा बल्लेबाज का विकेट लेने में कामयाब रहता है। पिछली बार उसने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ भी यही किया था और अब टिम सीफर्ट के खिलाफ भी वही योजना काम आई।’’

उन्होंने कहा, ’’जब उसने सीफर्ट को आउट किया तो एक रन लेग बाई से आया था लेकिन मोहसिन ने अच्छी गेंदबाजी की और विकेट ले लिया। इस सत्र में उसने तीन मेडन ओवर डाले हैं और उनमें से एक मेडन ओवर में उसने वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज का विकेट भी लिया था।’’

इरफान ने कहा, ’’इससे मोहसिन खान की काबिलियत का पता चलता है। अगर वह खुद को फिट रखने में कामयाब रहता है तो कोई भी उसे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने से नहीं रोक सकता। उसकी फिटनेस ही एकमात्र रुकावट है क्योंकि वह अक्सर लंबे समय तक चोटिल रहता है।’’

मोहसिन हैं इकलौते गेंदबाज

मोहसिन ने कोलकाता के खिलाफ मैच में इस सीजन का अपना तीसरा मेडन ओवर डाला था। वह एक सीजन में तीन मेडन ओवर फेंकने वाले पहले गेंदबाज बने थे। वह लखनऊ के लिए आईपीएल में फाइफर लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने थे। इससे पहले मार्क वुड और यश ठाकुर यह कारनामा कर चुके हैं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article