क्रिकेट

गेंदबाजों में खौफ पैदा कर रहे वैभव सूर्यवंशी, गेल का तोड़ सकते हैं महारिकॉर्ड

भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान और पूर्व हेड कोच कोच अनिल कुंबले ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले का मानना ​​है कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की रेंज और स्वभाव उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अलग करता है और वह आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। वहीं, इरफान पठान ने कहा कि वह गेंदबाजों में खौफ पैदा कर रहे हैं।

Image

अनिल कुंबले और इरफान पठान ने किया बड़ा दावा। फोटो- BCCI/IPL

वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देख हर कोई हैरान हैं। आईपीएल 2025 में वैभव ने ट्रेलर दिखाया था। इस सीजन वह गेंदबाजों और विपक्षी टीमों को अपनी सिक्स हिटिंग पावर की पूरी फिल्म दिखा रहे हैं। अभी तक वह कुल 53 सिक्स जड़ चुके हैं। आईपीएल के एक सीजन में वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा सिक्स लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वैभव की तूफानी बल्लेबाजी देख अनिल कुंबले और इरफान ने बड़ा बयान दिया है।

अनिल कुंबले का मानना है कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की रेंज और स्वभाव उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अलग करता है और वह आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। गेल के 2012 में लगाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी करने से केवल छह छक्के दूर हैं।

वैभव सूर्यवंशी रच सकते हैं इतिहास

कुंबले ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, उन्होंने इस आईपीएल सत्र में अभी तक ही 53 छक्के लगा दिए हैं। एक सत्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 59 छक्के लगाए हैं। मुझे लगता है वैभव सूर्यवंशी गेल का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच सकते हैं।

'छोटी उम्र में दिखाई परिपक्वता'

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच अनिल कुंबले ने कहा, बहुत कम बल्लेबाज कवर के ऊपर से इतनी आसानी से छक्के मार सकते हैं, लेकिन सूर्यवंशी ने दिग्वेश राठी के खिलाफ कई बार ऐसा किया। मुझे खुशी है कि लोगों के पास अब भी ऐसी प्रतिभा का वर्णन करने के लिए शब्द हैं। मेरे पास तो शब्द कम पड़ते जा रहे हैं। यह लड़का बहुत खास है। वह इतनी छोटी उम्र में भी पूरी परिपक्वता दिखाते हैं।

गेंदबाजों में खौफ पैदा कर रहे वैभव

वहीं, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजों के दिलो दिमाग में इस तरह का खौफ पैदा करेंगे जैसा वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल ने अपने चरम पर रहते हुए किया था।

10 गेंद के बाद आया तूफान

पठान ने जिओ हॉटस्टार से कहा, उसे रोकना बहुत मुश्किल है। अपनी शुरुआती 10 गेंदों में वह 100 से कम के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहा था और आखिर में उसने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन बनाए। वह वास्तव में क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। गेंदबाज होने के कारण हम हमेशा क्रिस गेल का सामना करने से डरते थे। वैभव सूर्यवंशी वही खौफ पैदा कर रहा है। गेल का रिकॉर्ड निश्चित रूप से खतरे में है।

15 साल के बल्लेबाज ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स की तरफ से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंद में 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके शामिल हैं। इस तूफानी पारी की बदौलत उनकी टीम ने 221 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट से आसान जीत हासिल की।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article