क्रिकेट

IPL 2023: क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियन्स के छक्के छुड़ाकर शुभमन गिल ने बनाए 7 बड़े रिकॉर्ड्स

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 26, 2023, 10:44 PM IST

शुभमन गिल ने आईपीएल 2023 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ शानदार शतकीय पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। आइए उनके धमाकेदार कारनामों पर नजर डालें।

Image

शुभमन गिल(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • शुभमन गिल ने खेली 60 गेंद में 129 रन की पारी
  • 16 मैच में 851 रन बनाकर किया ऑरेंज कैप पर कब्जा
  • बने ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज

Shubman Gill Records: भारतीय क्रिकेट के नए स्टार शुभमन गिल ने शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियन्स के गेंदबाजों के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में छक्के छुड़ा दिए। शुभमन गिल 60 गेंद में 129 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी सीजन की तीसरी शतकीय पारी के दौरान 7 चौके और 10 छक्के जड़े। अपनी इस आतिशी पारी के दौरान शुभमन गिल ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

तीन शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी

23 वर्षीय शुभमन गिल आईपीएल के एक सीजन में तीन शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। पिछले चार मैच में गिल ने तीन शतक जड़े ऐसा और कोई खिलाड़ी नहीं कर सका। शुभमन एक सीजन में तीन या उससे ज्यादा शतक जड़ने वाले आईपीएल इतिहास में विराट कोहली और जोस बटलर के बाद तीसरे बल्लेबाज हैं। विराट कोहली ने साल 2016 में और जोस बटलर ने साल 2022 में 4-4 शतक जड़े थे।

ऑरेंज कैप पर कब्जा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी

शुभमन गिल रुतुराज गायकवाड़ को पछाड़कर आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप पर कब्जा करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 23 साल की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की है। जबकि रुतुराज ने साल 2021 में 24 साल की उम्र में ये कारनामा किया था। गिल के नाम मौजूदा सीजन में 16 मैच की 16 पारियों में 851 रन हो गए हैं जिसमें 3 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं।

एक सीजन में 800 से ज्यादा रन

शुभमन गिल एक सीजन में 800 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी और दूसरे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले विराट कोहली(973), जोस बटलर(863) और डेविड वॉर्नर(848) रन बनाए थे। शुभमन गिल ने मौजूदा सीजन में खेले 16 की 16 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 60.79 के औसत और 156.43 के स्ट्राइकरेट से 851 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 79 चौके और 33 छक्के जड़े हैं।

प्लेऑफ में सबसे बड़ी पारी

शुभमन गिल आईपीएल इतिहास में प्लेऑफ दौर में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम दर्ज था। सहवाग ने चेन्नई के खिलाफ 122 रन की पारी खेली थी। इस सूची में तीसरे पायदान पर शेन वॉटसन हैं जिन्होंने हैदराबाद के खिलाफ फाइनल में नाबाद 117* रन बनाए थे।

भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी

शुभमन गिल आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में केएल राहुल के बाद दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। केएल राहुल के नाम 132* रन की पारी आरसीबी के खिलाफ साल 2020 में खेली थी। वहीं तीसरे पायदान पर काबिज ऋषभ पंत ने साल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली में नाबाद 128* रन की पारी खेली थी।

प्लेऑफ में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के

शुभमन गिल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 10 छक्के जड़े और वो आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबले में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में ऋद्धिमान साहा, क्रिस गेल, वीरेंद्र सहवाग और शेन वॉटसन को पीछे छोड़ा। इन सभी ने आईपीएल के प्लेऑफ दौर में 8-8 छक्के अपनी पारी के दौरान जड़े थे।

एक सीजन में 100 से ज्यादा बाउंड्री

शुभमन गिल एक सीजन में 100 से ज्यादा बाउंड्री(चौके और छक्के) जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो गए हैं। शुभमन ने सीजन में कुल 112 छक्के जडे़ हैं। वहीं विराट कोहली ने साल 2016 में कुल 122 बाउंड्री सीजन में जड़ी थी। विराट को पीछे छोड़ने से गिल अब केवल 10 कदम दूर हैं। वहीं इस सूची में तीसरे पायदान पर यशस्वी जायसवाल हैं। यशस्वी ने आईपीएल 2023 में 108 बाउंड्री 82 चौके और 26 छक्कों की मदद से जड़ी। वहीं इस सूची में चौथा नाम ऋषभ पंत का है। पंत ने साल 2018 में कुल 105 बाउंड्री जड़ी थीं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article