क्रिकेट

IPL 2026, PBKS vs MI Pitch Report Today Match: मुंबई बिगाड़ सकती है पंजाब का खेल, जानें धर्मशाला की पिच रिपोर्ट

IPL 2026, PBKS vs MI Pitch Report Today Match: आईपीएल 2026 की धमाकेदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स (PBKS) के प्रदर्शन में बड़ी गिरावट आई है। टीम ने पिछले चार मैच लगातार गंवाए हैं, लेकिन उनके लिए अच्छी बात ये है कि वे अभी भी टॉप-4 में बने हुए हैं। हालांकि, अब उन्हें हर हाल में जीत के रास्ते पर वापस आना होगा वर्ना प्लेऑफ में जाने का उनका सपना चकनाचूर हो सकता है। इस बार उनका सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा, जिन्होंने इस सीजन 11 में से आठ मैच गंवाए हैं और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुके हैं। जहां PBKS को सीजन में मजबूती से बने रहने के लिए जीत चाहिए तो वहीं MI अब अपनी साख बचाने के लिए मैदान में उतरेगी।

Image

पंजाब और मुंबई के मैच की पिच रिपोर्ट।

IPL 2026, PBKS vs MI Pitch Report Today Match: पिछले चार मैच में हार से आहत पंजाब किंग्स को अगर IPL में अपना अभियान वापस पटरी पर लाना है तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार को धर्मशाला में होने वाले मैच में उसे अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में जल्द से जल्द सुधार करना होगा। टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स की टीम लगातार चार मैच हार चुकी है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही है। उसकी टीम को अगर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष चार में जगह पक्की करनी है तो उसे अपने शेष बचे मैचों में से कम से कम दो मैच जीतने होंगे।

पंजाब कुछ समय पहले तक टूर्नामेंट में एकमात्र अजेय टीम थी, लेकिन आईपीएल की प्रकृति ही ऐसी है कि भाग्य बहुत जल्दी किसी भी तरफ पलट सकता है। जैसा कि कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद कहा, पंजाब किंग्स की इस मुश्किल स्थिति के लिए वे खुद ही जिम्मेदार हैं। टूर्नामेंट के पहले भाग में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से गेंदबाजी विभाग की कमजोरियां सामने नहीं आई, लेकिन अब उसके लिए यह चिंता का विषय बन गया है।

दिल्ली के खिलाफ मिली पंजाब को हार

दिल्ली के खिलाफ मैच में अय्यर और उनकी टीम जीत के करीब पहुंच गई थी, लेकिन आखिरी पांच ओवरों में तेज गेंदबाजों ने अपनी लेंथ सही नहीं रखी। अर्शदीप सिंह की अगुआई वाले तेज गेंदबाजी आक्रमण का इकॉनमी रेट 10 टीमों में सबसे खराब है। आईपीएल के पहले हाफ में जेवियर बार्टलेट और अर्शदीप ने नई गेंद से अच्छा संयोजन प्रदान किया, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी के बाद इसमें अस्थिरता देखने को मिली है।

मुंबई भी बिगाड़ सकती है खेल

मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या चोटिल होने के कारण पिछले दो मैच में नहीं खेल पाए थे और यह देखना बाकी है कि वह पूरी तरह से फिट हो गए हैं या नहीं। पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे सूर्यकुमार यादव बाकी बचे तीन मैचों का भरपूर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा से भी पावरप्ले में तूफानी शुरुआत की उम्मीद की जाएगी।

पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस आज की पिच रिपोर्ट (PBKS vs MI IPL Match Today Pitch Report)

आईपीएल 2026 का 58वां मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम (Himachal Pradesh Cricket Stadium) में खेला जाएगा। जहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छी मानी जाती है। यहां गेंद आसानी से बल्ले पर आती है, जिससे बल्लेबाज बड़े शॉट खेल पाते हैं। धर्मशाला ऊंचाई वाले इलाके में है, इसलिए हवा का असर भी अलग होता है और गेंद तेजी से जाती है। इसी वजह से यहां छक्के लगाना थोड़ा आसान माना जाता है। धर्मशाला में खेला जाने वाला यह इस सीजन का दूसरा मैच है। पहले मैच में दिल्ली ने रनचेज करते हुए पंजाब को शिकस्त दी है।

स्टेडियम की पिच हरियाणा के भिवानी से लाई गई काली मिट्टी से बनाई गई है। इस मिट्टी में रेत बहुत कम होती है, जिसकी वजह से पिच पर अच्छी गति और उछाल मिलती है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना रहती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाज भी असर दिखा सकते हैं। अगर बल्लेबाज शुरुआत में संभलकर खेल लें और पिच पर टिक जाएं, तो बाद में उनके लिए बड़े शॉट खेलना आसान हो जाता है। ऊंचाई पर होने के कारण ओस भी मैच में अपना महत्वपूर्ण रोल प्ले करती है। पिछले मैच में रनचेज आसान लगी थी। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम टारगेट का पीछा कर सकती है।

टीम इस प्रकार हैं:-

पंजाब किंग्स:- श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार विशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शियस, पाइला अविनाश, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद।

मुंबई इंडियंस:- नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), राज बावा, विल जैक, कॉर्बिन बॉश, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, मयंक मारकंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डीकॉक, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, एएम ग़ज़नफ़र, मयंक रावत, रघु शर्मा, मोहम्मद सलाउद्दीन इजहार, रॉबिन मिंज

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article