IPL 2026, LSG vs GT Preview: आईपीएल 2026 का 19वां मुकाबला लखनऊ सुपर जाइंट्स और गुजरात के बीच 12 अप्रैल को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। इस मैच में जहां लखनऊ की कप्तानी ऋषभ पंत करेंगे वहीं गुजरात की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को मुकुल चौधरी के रूप में एक नया स्टार मिल गया है, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले से पहले उसके लिए घरेलू मैदान पर खराब रिकॉर्ड बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है। एलएसजी और गुजरात टाइटंस ने अपने पिछले दोनों मैच जीते हैं, जिससे उनका मनोबल बढ़ा होगा। गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक रन की रोमांचक जीत दर्ज की थी जिससे उसने अपना खाता भी खोला। एलएसजी ने सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ उनके मैदानों पर प्रभावशाली जीत दर्ज की। हालांकि एलएसजी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। उसे अगर इसे अपना मजबूत गढ़ बनाना है तो खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
लखनऊ ने पिछले मैच में दर्ज की धमाकेदार जीत
एलएसजी ने पिछले सत्र में यहां खेले गए आठ मैचों में से छह में हार झेली थी। इसमें लगातार पांच मैचों में हार शामिल हैं। यही कारण रहा कि वह पिछले साल सातवें स्थान पर रहा था। उसने इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में से केवल नौ में ही जीत हासिल की है। मौजूदा सत्र में भी उसके घरेलू मैदान पर पहले मैच में बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और दिल्ली कैपिटल्स ने उसे 141 रन पर आउट करके छह विकेट से जीत हासिल की थी। एलएसजी का यह घरेलू मैदान पर इस सत्र का दूसरा मैच होगा और वह यहां अपना जीत का रिकॉर्ड सुधारने के लिए बेताब होगा। एलएसजी का केकेआर के खिलाफ पिछला मैच विशेष रूप से यादगार रहा, जिसमें मुकुल के रूप में एक नए ’फिनिशर’ का उदय हुआ।
गुजरात भी पिछला मैच 1 रन से जीता
राजस्थान के 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और अपने आदर्श महेंद्र सिंह धोनी का पसंदीदा हेलीकॉप्टर शॉट सहित कई तरह के शॉट लगाकर क्रिकेट जगत का अपनी तरफ खींचा। एलएसजी के लिए एक और सकारात्मक पहलू आयुष बडोनी की फॉर्म में वापसी है, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। इस तरहसे एलएसजी का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है जिसमें मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, कप्तान ऋषभ पंत और निकोलस पूरन भी शामिल हैं। यह मैच दोपहर में खेला जाएगा और यहां की धीमी पिच पर गुजरात के राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर का मुकाबला करना आसान नहीं होगा। राशिद ने दिल्ली के खिलाफ 17 रन देकर तीन विकेट लिए और अपनी टीम की एक रन से जीत में अहम भूमिका निभाई। राशिद पिछले साल अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और इसलिए वह आलोचकों के निशाने पर थे लेकिन पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन से उन्होंने करारा जवाब दिया। गुजरात टाइटंस के लिए इंग्लैंड के अनुभवी खिलाड़ी जोस बटलर की फॉर्म में वापसी और कप्तान शुभमन गिल का चोट से उबरकर अर्धशतक जमाना सकारात्मक संकेत हैं।
लखनऊ और गुजरात की आईपीएल 2026 टीमें (Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans IPL 2026 Full Squads)
लखनऊ सुपर जायंट्स की आईपीएल 2026 की टीमः (Lucknow Super Giants Full Squad)
ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नोर्किया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।
गुजरात टाइटंस की आईपीएल 2026 की टीमः (Gujarat Titans Full Squad)
शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, साई सुदर्शन, शाहरुख खान,
राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, साई किशोर, ग्लेन फिलिप्स, गुरनुर ब्रार, अरशद खान, जयंत यादव, इशांत शर्मा, कुमार कशाग्र, निशांत संधु, मानव सुथार, अनुज रावत, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बेंटेन, ल्यूक वुड, पृथ्वी राज यारा।
मैच का समय: शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा मैच, सात बजे होगा टॉस।
