कोलकाता: अपने पहले मैच में हार का सामना करने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के गुरुवार को यहां होने वाले मैच में अपना अभियान पटरी पर लाने की कोशिश करेंगी। इन दोनों टीम की बल्लेबाजी काफी मजबूत है और ऐसे में गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन निर्णायक साबित हो सकता है। केकेआर की टीम अपने स्पिनरों की फॉर्म में वापसी को लेकर उत्सुक होगा जबकि सनराइजर्स को भी अपने गेंदबाजी विभाग में काफी सुधार करना होगा।
घर पर सीजन का पहले मैच खेलेगी केकेआर
यह मुकाबला तीन बार के चैंपियन केकेआर के लिए घरेलू मैदान पर होने वाले महत्वपूर्ण दौर की शुरुआत भी है, जिसे आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए यहां सात दिन में तीन मैच और फिर 19 अप्रैल को एक और मैच खेलना है। विधानसभा चुनाव के कारण कोलकाता में लगभग एक महीने तक कोई मैच नहीं खेला जाएगा। केकेआर को इसके बाद चार मैच दूसरी टीमों के घरेलू मैदान पर खेलने हैं। उसका अपने घरेलू मैदान पर अगला मैच 16 मई को होगा और ऐसे में उसकी टीम इस चरण में लय हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। ईडन गार्डन्स केकेआर का गढ़ रहा है, जिसने 2008 से यहां खेले गए 95 मैचों में से 54 मैच जीते हैं।
केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण हुआ है कमजोर, स्पिनर्स को दिखाना होगा दम
कुछ प्रमुख गेंदबाजों के चोटिल होने के कारण बाहर हो जाने से केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण कमजोर हुआ है। हर्षित राणा और आकाश दीप बाहर हो चुके हैं जबकि मथीशा पथिराना को अभी श्रीलंका क्रिकेट से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलना बाकी है। इसके अलावा 25.20 करोड़ रुपये में खरीदे गए कैमरन ग्रीन फिलहाल केवल बल्लेबाज के रूप में उपलब्ध हैं। केकेआर के गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरी मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में स्पष्ट तौर पर नजर आई जहां उसकी टीम 220 रन का बचाव नहीं कर सकी थी। रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने केवल 72 गेंद पर 148 रन की साझेदारी की। इस मैच में केकेआर के मुख्य स्पिनरों सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती को संघर्ष करना पड़ा था जो उनकी टीम के लिए चिंता का विषय होगा।
कैमरन ग्रीन की जगह मिल सकता है रोवमैन पॉवेल को मौका
ग्रीन ने पहले मैच में 10 गेंद पर 18 रन बनाए। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी प्रबंधन के निर्देशों के कारण उन्होंने गेंदबाजी नहीं की। ग्रीन के गेंदबाजी नहीं करने के कारण केकेआर उनकी जगह पर वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल को अंतिम एकादश में शामिल करने के बारे में सोच सकता है। पॉवेल ने टी20 विश्व कप में 147.52 के स्ट्राइक रेट से 149 रन बनाए। उन्होंने भारत के खिलाफ इसी मैदान पर सुपर आठ के मैच में 19 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए थे।
मुकाबले के लिए स्पिन ट्रैक तैयार कर रहा है कोलकाता
केकेआर इस मैच के लिए टर्निंग विकेट तैयार करने के बारे में सोच रहा है लेकिन तब भी 200 का स्कोर औसत माना जाएगा। केकेआर का कप्तान अजिंक्य रहाणे की अच्छी शुरुआत से हौसला बढ़ा होगा लेकिन उनका बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना चिंता का विषय होगा। मुंबई इंडियंस के खिलाफ रहाणे ने पावर प्ले में 18 गेंदों में 36 रन बनाए, लेकिन उसके बाद अगली 22 गेंदों में केवल 31 रन ही बना सके। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है क्योंकि 2023 से ही रहाणे पावर प्ले में अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं लेकिन इसके बाद उनका स्ट्राइक रेट तेजी से गिर जाता है।
कोलकाता से बेहतर स्थिति में है सनराइजर्स हैदराबाद
सनराइजर्स भी इसी तरह की स्थिति में हैं, क्योंकि उसने अपने अभियान की शुरुआत मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हार के साथ की थी। सनराइजर्स के शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड जैसे धाकड़ बल्लेबाज शामिल हैं। लेकिन नियमित कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में उसका गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आता है। उसके गेंदबाज आरसीबी के खिलाफ 201 रन का बचाव नहीं कर पाए थे। कमिंस ने नेट में गेंदबाजी करना शुरू कर दिया है और वह कुछ सप्ताह बाद टीम से जुड़ सकते हैं। उनकी अनुपस्थिति में नीतीश कुमार रेड्डी, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा को अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभानी होगी।
कोलकाता और हैदराबाद की आईपीएल 2026 टीमें (Kolkata Knight Riders and Sunrisers Hyderabad IPL 2026 Full Squads)
कोलकाता नाईट राइडर्स की आईपीएल 2026 की टीमः(Kolkata Knight Riders Kolkata Full Squad)
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह (उप-कप्तान), फिन एलन, तेजस्वी दहिया, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, सार्थक रंजन, टिम सीफर्ट, राहुल त्रिपाठी, दक्ष कामरा, कैमरन ग्रीन, सुनील नारायण, रचिन रवींद्र, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी और उमरान मलिक।
सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 की टीमः (Sunrisers Hyderabad Full Squad)
ईशान किशन (कप्तान), ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्से, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, सलिल अरोड़ा, शिवांग कुमार, ओंकार टारमाले, क्रेन्स फुलेट्रा, प्रफुल्ल हिंगे, अमित कुमार, साकिब हुसैन, जैक एडवर्ड्स और पैट कमिंस।
मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
