क्रिकेट

दर्द के बावजूद KKR के लिए डटे रहे वरुण चक्रवर्ती, कोच नायर ने की तारीफ

IPL 2026: वरुण चक्रवर्ती फिलहाल टी20 फॉर्मेट में भारतीय टीम के प्रमुख स्पिनर हैं। मगर आईपीएल 2026 का यह सीजन उनके लिए आसान नहीं रहा। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही उनकी दो उंगलियों में फ्रैक्चर हो गया था।

Image

वरुण चक्रवर्ती (IPL/BCCI)

IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने टीम के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की जमकर तारीफ की है। नायर का मानना है कि वरुण फ्रेंचाइजी के सबसे मजबूत किरदारों में से एक हैं। उनका केकेआर से भावनात्मक जुड़ाव इतना गहरा है कि इस सीजन में कई बार चोटिल होने के बावजूद वह मैदान पर डटे रहे। वरुण चक्रवर्ती फिलहाल टी20 फॉर्मेट में भारतीय टीम के प्रमुख स्पिनर हैं। मगर आईपीएल 2026 का यह सीजन उनके लिए आसान नहीं रहा। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही उनकी दो उंगलियों में फ्रैक्चर हो गया था। अभी वह उस दर्द से पूरी तरह उबरे भी नहीं थे कि हाल ही में उनके पैर के अंगूठे में भी चोट लग गई। इसके बावजूद ‘मिस्ट्री स्पिनर’ ने हार नहीं मानी और टीम के लिए लगातार खेलते रहे।

KKR के कोच ने की वरुण चक्रवर्ती की तारीफ

मैच से एक दिन पहले मीडिया से बात करते हुए कोच अभिषेक नायर ने कहा, “इस टूर्नामेंट में वरुण के शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है। पहले दो उंगलियों में और अब पैर के अंगूठे में। लेकिन मैं हमेशा कहता हूं कि सबसे मजबूत लोग दर्द और मुश्किलों को पार करना सीख जाते हैं। वरुण भी वैसे ही इंसान हैं।” नायर ने आगे बताया कि वरुण बाहर से भले ही ज्यादा मजबूत न दिखें, लेकिन अंदर से उनका जज्बा कमाल का है। उन्होंने कहा, “जब आप उनसे बात करते हैं तो शायद वह बहुत मजबूत न लगें, लेकिन अंदर से वह बहुत ज्यादा प्रेरित हैं। फ्रेंचाइजी के लिए उनके मन में बहुत गहरा जुड़ाव है। यही वजह है कि वह दर्द में भी टीम के लिए खेलने को तैयार रहते हैं।”

वरुण की फिटनेस पर BCCI की नजर

वरुण की फिटनेस पर अब बीसीसीआई की भी नज़र है। भारतीय टीम 26 जून से आयरलैंड दौरे पर जा रही है, जिसके तुरंत बाद ब्रिटेन का अहम दौरा शुरू होगा। टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए वरुण का फिट रहना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी है। लगातार चोटों के बावजूद उनका खेलना जज्बे की मिसाल है, लेकिन बोर्ड नहीं चाहेगा कि वर्कलोड से उनकी चोट बढ़े। केकेआर के लिए वरुण पिछले कुछ सीजन से मैच विनर रहे हैं। बीच के ओवरों में विकेट निकालना हो या रनों पर लगाम लगानी हो, कप्तान की पहली पसंद वरुण ही होते हैं। इस सीजन भी उन्होंने चोट के बावजूद अहम मौकों पर टीम को ब्रेकथ्रू दिलाए हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहू author

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों... और देखें

End of Article