क्रिकेट

IPL 2026: खुद की बैटिंग स्टाइल पर उठ रहे सवाल पर क्या बोले KKR के कप्तान आजिंक्य रहाणे

IPL 2026: अजिंक्य रहाणे ने अपनी बल्लेबाजी के तरीके को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच कहा कि वह हमेशा से ही सहज और आक्रामक खिलाड़ी रहे हैं। उनका कहना है कि उनके लिए हमेशा टीम ही सबसे पहले रही है कि वह टीम के लिए कैसे योगदान दे सकते हैं।

Image

आजिंक्य रहाणे (फोटो साभार- IPL/BCCI)

IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपनी बल्लेबाजी के तरीके को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच मंगलवार को जोर देते हुए कहा कि वह हमेशा से ही सहज और आक्रामक खिलाड़ी रहे हैं। मौजूदा आईपीएल सत्र में तीन मैच में रहाणे ने मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के खिलाफ क्रमशः 67 (40 गेंद), आठ (10 गेंद) और नाबाद आठ (छह गेंद) रन बनाए। सनराइजर्स के खिलाफ मैच के बाद रहाणे ने अपने स्ट्राइक रेट को लेकर उठ रही चिंताओं को यह कहकर खारिज कर दिया था कि 2023 के बाद से उनका स्ट्राइक रेट सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट में से एक रहा है और यह कि आलोचना अक्सर किसी खास एजेंडे के तहत की जाती है।

रहाणे ने किया अपनी बल्लेबाजी का बचाव

यहां बंगाल प्रो टी20 लीग के तीसरे सत्र के लॉन्च के मौके पर रहाणे ने कहा, ’’मैं हमेशा से ही एक सहज और आक्रामक खिलाड़ी रहा हूं लेकिन जिन फ्रेंचाइजी के लिए मैं पहले खेला वहां मेरी भूमिका अलग थी।’’ उन्होंने कहा, ’’मेरे लिए हमेशा टीम ही सबसे पहले रही है कि मैं टीम के लिए कैसे योगदान दे सकता हूं। उस समय प्रबंधन ने मुझे जो भी करने को कहा मैंने अपनी पूरी क्षमता से उस भूमिका को निभाने की कोशिश की।’’ मुंबई के इस बल्लेबाज की उम्र अब 38 के करीब पहुंच रही है और हाल के सत्र में उन्होंने अधिक आक्रामक रवैया अपनाते हुए अपने खेल में जबरदस्त बदलाव किया है।

मोहम्मद शमी ने विरोधी टीम को दी चेतावनी

रहाणे के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच जिताने वाले प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जाइंट्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अपने ’घरेलू मैदान’ ईडन गार्डन्स पर कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना करने के लिए लौट रहे हैं और उन्होंने विरोधी टीम चेतावनी भी दी। तीन मैच में एक भी जीत दर्ज करने में नाकाम रही नाइट राइडर्स की टीम बृहस्पतिवार को यहां सुपर जाइंट्स से भिड़ेगी। यह नाइट राइडर्स का लगातार तीसरा घरेलू मैच होगा। मंगलवार को बंगाल प्रो टी20 लीग के तीसरे सत्र के लॉन्च के मौके पर नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे और उप कप्तान रिंकू सिंह के साथ बात करते हुए शमी ने कहा, ’’ईडन गार्डन्स पर खेलते हुए आपको हमेशा घरेलू मैदान का फायदा मिलता है।’’

उन्होंने कहा, ’’आप वहां की परिस्थितियों और पिच के मिजाज को अच्छी तरह समझते हैं क्योंकि आपने वहां लंबे समय तक खेला है और उस मैदान पर काफी समय बिताया है।’’ शमी ने कहा, ’’इसलिए वह फायदा हमेशा रहता है। अगर मैं यहां आकर नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलता हूं तो एक स्थानीय खिलाड़ी होने के नाते मुझे कुछ फायदा जरूर मिलेगा।’’ इस तेज गेंदबाज ने पिछले मैच में 18 डॉट गेंद फेंकते हुए नौ रन देकर दो विकेट चटकाए जिससे ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम ने सत्र की अपनी पहली जीत हासिल की। सुपर जाइंट्स ने हैदराबाद में खेले गए अपने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया था। चोट से उबरने के बाद बंगाल के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद शमी राष्ट्रीय टीम से बाहर हैं। हाल ही में समाप्त हुई रणजी ट्रॉफी में वह सबसे अधिक विकेट लेने वाले शीर्ष छह गेंदबाजों में शामिल थे। उन्होंने 16.72 के शानदार औसत से 37 विकेट चटकाए थे।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें Rr vs Mi Live Score छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Aditya Sahu
आदित्य साहू author

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों... और देखें

End of Article