क्रिकेट

गुजरात टाइटंस ने 'शुभारंभ 2026' से की IPL की शुरुआत, 5 साल के सफर का रंगारंग कार्यक्रम

IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले गुजरात टाइटंस ने अपने सफर की शुरुआत 'शुभारंभ 2026' के साथ की। ​​इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टीम के सामूहिक सफर का जश्न था। इसमें एक खास पल कप्तान शुभमन गिल को समर्पित था, जिन्हें टीम की लगातार अच्छी परफॉर्मेंस, विकास और बड़े सपनों की कहानी के बीच खास तौर पर सराहा गया।

Image

गुजरात टाइटंस शुभारंभ 2026 (फोटो साभार- X/GT)

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिससे पहले गुजरात टाइटंस ने अपने सफर की शुरुआत 'शुभारंभ 2026' के साथ की। अहमदाबाद में सोमवार की शाम यादगार रही, जिसमें पूरी टीम, फ्रेंचाइजी के मालिक, पार्टनर और फैंस एकजुट हुए। इस शाम टीम के पांच साल के सफर पर नजर डाली गई। एकता, महत्वाकांक्षा और 'गुजरात-फर्स्ट' सोच को प्रदर्शित करते हुए इस शाम ने फ्रेंचाइजी की पहचान को और मजबूत किया।

इस कार्यक्रम में आत्मचिंतन, सम्मान और सांस्कृतिक उत्सव का सुंदर मेल देखने को मिला, जिसने टीम और उसके प्रशंसकों के साथ-साथ पूरे राज्य के साथ उसके गहरे संबंध को फिर से उजागर किया। यह अवसर इस बात की याद दिलाता है कि कैसे गुजरात टाइटंस लीग की सबसे गतिशील, निरंतर प्रदर्शन करने वाली और फैन-आधारित फ्रेंचाइजी में से एक बन गई है।

गुजरात ने अपने पहले सीजन में ही जीता था खिताब

अपने पहले ही सीजन में खिताब जीतकर एक मजबूत विरासत बनाने से लेकर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने और आईपीएल की सबसे सक्रिय फैन कम्युनिटी तैयार करने तक, गुजरात टाइटंस ने हमेशा संस्कृति, नेतृत्व और दीर्घकालिक दृष्टि पर स्पष्ट फोकस के साथ आगे बढ़ने का उदाहरण पेश किया है। टॉरेंट ग्रुप के डायरेक्टर और गुजरात टाइटंस के चेयरमैन जिनाल मेहता, टॉरेंट ग्रुप के डायरेक्टर और गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर शान मेहता, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर कर्नल अरविंदर सिंह, हेड कोच आशीष नेहरा और क्रिकेट डायरेक्टर विक्रम सोलंकी की मौजूदगी ने एक एकजुट लीडरशिप और टीम के शानदार माहौल को दिखाया।

कप्तान गिल को समर्पित था एक खास पल

इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टीम के सामूहिक सफर का जश्न था। इसमें एक खास पल कप्तान शुभमन गिल को समर्पित था, जिन्हें टीम की लगातार अच्छी परफॉर्मेंस, विकास और बड़े सपनों की कहानी के बीच खास तौर पर सराहा गया। संगीत, संस्कृति और जश्न के रंगों से सजी इस शाम को मंदिरा बेदी ने होस्ट किया, जिसमें एक ऊर्जावान ओपनिंग एक्ट और शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम के खिलाड़ियों को अनोखे अंदाज में पेश किया गया। इस दौरान पूरी टीम एक साथ मंच पर नजर आई, जिसने गुजरात की भावना को जीवंत कर दिया। भूमि त्रिवेदी और किंजल दवे के शानदार प्रस्तुतियों ने इस अनुभव को और खास बना दिया। गुजरात टाइटंस 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत करेगी।

इनपुट- भाषा

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article