क्रिकेट

LSG vs CSK: हार के बाद रुतुराज गायकवाड़ ने बताया लखनऊ के खिलाफ कहां चूकी सीएसके

LSG vs CSK: लखनऊ ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में जीत के हीरो रहे केएल राहुल जिन्होंने 82 रन की विस्फोटक पारी खेली। हार के बाद गायकवाड़ ने बताया कि उनकी टीम से कहां चूक हो गई।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स (साभार-IPL)

KEY HIGHLIGHTS
  • चेन्नई और लखनऊ का मुकाबला
  • लखनऊ ने 8 विकेट से दर्ज की जीत
  • गायकवाड़ ने बताया कहां हुई सीएसके से चूक

LSG vs CSK: लखनऊ सुपर जायंट्स ने घर पर तीसरी जीत दर्ज कर ली। इकाना में खेले गए मुकाबले में उसने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया। लखनऊ की ओर से केएल राहुल ने कप्तानी पारी खेली और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। केएल राहुल ने 53 गेंद में 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 82 रन की पारी खेली। उन्हें रवींद्र जाडेजा ने शानदार कैच लेकर आउट किया। राहुल ने क्विंटन डीकॉक के साथ शतकीय साझेदारी की और पहले विकेट के लिए केवल 90 गेंद में 134 रन जोड़ दिए। दोनों की इस पारी के दम पर लखनऊ ने आसानी से जीत दर्ज कर ली।

इन दोनों के अलावा निकोलस पूरन ने 12 गेंद में 23 और मार्कस स्टोइनिस ने 7 गेंद में 8 रन की पारी खेली। इससे पहले सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एमएस धोनी की 9 गेंद में 28 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। चेन्नई की ओर से सर्वाधिक 57 रन की पारी रवींद्र जाडेजा ने खेली। वह अंत तक आउट नहीं हुए और शुरुआती झटकों के बाद सीएसके की टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

मैच के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने बताया कि उनकी टीम कहां चूकी। गायकवाड़ ने बताया कि हम बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए और मेरे ख्याल से 10-15 रन हमने कम बनाए। उन्होंने आगे कहा कि इस पिच पर बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल था।

पावरप्ले में गेंदबाजी में सुधार की आवश्यकता

177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 54 रन बनाए और जीत की नींव रखी। इस पर बोलते हुए गायकवाड़ ने कहा 'पावरप्ले में गेंदबाजी में हम सुधार करना चाहेंगे, अगर हम पावरप्ले में विकेट हासिल कर सकें तो विपक्षी टीम बैकफुट पर आ जाएगी। जल्द ही उनके साथ फिर से खेलना अच्छा रहेगा, होमवर्क पूरा करके वापस आऊंगा।" आपको बता दें कि चेन्नई एक बार फिर लखनऊ ने 23 अप्रैल को भिड़ेगा, लेकिन इस बार मेहमान लखनऊ की टीम होगी, क्योंकि चेन्नई अब आगे के तीन मुकाबले चेन्नई में खेलेगी।

End of Article