क्रिकेट

IPL 2024: खिताब सूखा नहीं खत्म हुआ तो आरसीबी ने किया बड़ा फैसला, टीम से हुई दो दिग्गजों की छुट्टी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 16, 2023, 09:08 PM IST

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने नए सीजन की तैयारियों की शुरुआत करते हुए टीम के हेड कोच माइक हेसन और बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ के साथ अनुबंध को रिन्यू नहीं करने का फैसला किया है। टीम मैनेजमेंट ने नए कोच की तलाश शुरू कर दी है।

Image

माइक हेसन और संजय बांगड़ ( साभार-IPL)

बेंगलुरू: रॉयल चैजेंजर्स बेंगलोर की टीम का खिताबी जीत का इंतजार आईपीएल के 16वें सीजन में भी नहीं थमा। साल 2008 से 2023 तक टीम कई बार खिताब के करीब पहुंची लेकिन जीत का स्वाद नहीं चख पाई। कई दिग्गज आए और गए लेकिन टीम की तकदीर नहीं बदल सकी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने आईपीएल 2023 के समापन के दो महीने बाद बड़ा फैसला करते हुए हेड कोच माइक हेसन और बल्लेबाजी कोच संजय बागड़ के अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आरसीबी की टीम आईपीएल 2024 के लिए नए कोच और सपोर्ट स्टाफ की तलाश में जुट गई है। माइक हेसन और बांगड़ की छुट्टी तो तकरीबन तय है लेकिन बॉलिंग कोच एडम ग्रिफित के बारे में फिलहाल कोई निर्णय मैनेजमेंट ने नहीं किया है।

खत्म हुआ पांच साल लंबा सफर

माइक हेसन और संजय बांगर साल 2018 से आरसीबी के साथ जुड़े थे। दोनों के तत्कालीन कप्तान विराट कोहली के साथ अच्छे संबंध थे। लेकिन ये संबंध टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी रहे। विराट ने भी चौतरफा दबाव के बीच साल 2021 के बाद टीम की कमान छोड़ दी थी। इसके बाद फॉफ डुप्लेसी को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया। लेकिन दो सीजन में वो भी टीम को खिताबी जीत दिलाने में नाकाम रहे।

नए कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ की है तलाश

ऐसे में अब टीम मैनेजमेंट नए व्यक्ति को टीम के साथ जोड़ना चाहती है जो नए आइडिया लेकर आए जिससे टीम का खिताबी सूखा खत्म हो सके। साल 2022 में आरसीबी प्लेऑफ में पहुंची थी लेकिन 2023 में लीग दौर में ही उसका सफर खत्म हो गया। इस बात की फिलहाल कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिली है कि आरसीबी टीम का नया कोच किसी भारतीय को बनाएगी या विदेशी कोच पर एक बार फिर भरोसा जताएगी।

नए सीजन की नीलामी से तकरीबन छह महीने पहले ही बाकी की टीमें अपने कोचिंग कैंप को नया आकार देने में जुट गई हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने एंडी फ्लावर की जगह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। हालांकि एंडी फ्लावर की अन्य टीमों से बात चल रही है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article