क्रिकेट

IPL 2024: विराट के साथ स्पेशल क्लब में शामिल हुए रोहित शर्मा, साथ ही नाम हुआ एक अनचाहा रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 7, 2024, 04:37 PM IST

रोहित शर्मा ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान दोहरी उपलब्धि हासिल की। दिल्ली के खिलाफ आईपीएल में 1000 रन पूरे करके हिटमैन ने विराट के क्लब में एंट्री की साथ ही 49 रन पर आउट होकर एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Image

रोहित शर्मा (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ खेली 49 रन की आतिशी पारी
  • बने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल में एक हजारी
  • बने विराट के बाद दो टीमों के खिलाफ एक हजार रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी

Rohit Sharma: मुंबई इंडियन्स के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने जाने पहचाने रूप में नजर आए। रोहित शर्मा ने पारी की धमाकेदार शुरुआत की और 27 गेंद में 49 रन की पारी खेलकर आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 2 छक्के जड़े। रोहित का स्ट्राइक रेट पारी के दौरान 181.48 का रहा।

दिल्ली के खिलाफ बने एक हजारी, विराट क्लब में हुई एंट्री

रोहित शर्मा ने अपनी आतिशी पारी के दौरान जैसे ही 23 रन पूरे किए वो आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। रोहित ने इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ये कारनामा कर चुके हैं। ऐसे में वो आईपीएल में दो टीमों के खिलाफ 1 हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली के बाद आईपीएल इतिहास में दूसरे बल्लेबाज बन गए।

सबसे ज्यादा बार 49 पर आउट होने वाले प्लेयर

रोहित शर्मा की पारी का अंत अक्षर पटेल ने किया। रोहित उनकी गेंद पर गच्चा खाकर 49 रन पर बोल्ड हो गए और अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। इसके साथ ही रोहित के नाम आईपीएल में एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। रोहित आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 49 रन पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित तीसरी बार आईपीएल में इस स्कोर पर आउट हुए। रोहित इस पारी से पहले इस मामले में डेविड वॉर्नर, क्रिस गेल, ब्रेडन मैकुलम, संजू सैमसन और क्रिस लिन 2-2 बार 49 रन पर अपना विकेट गंवाने वाले प्लेयर्स की बराबरी पर थे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article