IPL 2024, DC vs KKR, Bharat Arun Big Statement: मिचेल स्टार्क आईपीएल में अब तक अपनी बड़ी कीमत के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन कोलकाता नाइटराइडर्स के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का समर्थन करते हुए कहा कि यह सिर्फ समय की बात और वह जल्द ही लय हासिल कर लेंगे। आईपीएल के पहले दो मैचों में स्टार्क के आठ ओवर में बिना किसी सफलता के 100 रन लुटाए हैं।
अरुण ने यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच से पहले कहा, ‘वह संभवत: दुनिया के सबसे अनुभवी गेंदबाजों में से एक हैं। वह ऐसे गेंदबाज भी हैं जो परिस्थितियों को समझते हैं और उसके अनुसार खुद को अच्छी तरह से ढाल लेते हैं। मुझे लगता है कि आप आगामी मैचों में उनका अलग रूप देखेंगे।’ स्टार्क ने आईपीएल में नौ साल बाद वापसी की है। केकेआर ने नीलामी में उनके लिए 24.75 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड राशि खर्च की। अरुण से जब पूछा गया कि उनकी स्टार्क से क्या बात हुई है तो उन्होंने चुटिले अंदाज में कहा कि यह उनकी बड़ी रकम के बारे में नहीं था।
मौजूदा सीजन में ऐसा है प्रदर्शन
आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज मिचेल स्टार्क का आईपीएल के मौजूदा सीजन अच्छा प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है। स्टार्क अभी तक सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंग्लुरु के खिलाफ खेलने उतरे, लेकिन सफलता नहीं मिली हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 13.25 की इकोनॉमी से 53 रन दिए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी तरह स्टार्क ने आरसीबी के खिलाफ 4 ओवर में 11.75 की इकोनॉमी से 47 रन दिए और इस मुकाबले में भी सफलता नहीं मिली।
(भाषा इनपुट के साथ)
