क्रिकेट

IPL 2023: दिग्गज को पछाड़ युजवेंद्र चहल बने आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 5, 2023, 10:52 PM IST

Most Wickets in IPL History: युजवेंद्र चहल ने बुधवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया।

Image

युजवेंद्र चहल(साभार IPL/BCCI)

गुवाहाटी: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स की ओर से पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में खेलते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। चहल लसिथ मलिंगा को पछाड़कर आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ा

युजवेंद्र चहल पंजाब के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में 4 ओवर में 50 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किए। विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को रेयान पराग के हाथों कैच कराया। इसके साथ ही उनके आईपीएल में विकेटों की संख्या 171 हो गई और वो ड्वेन ब्रावो(183) के बाद इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गए। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज और राजस्थान रॉयल्स के मौजूदा गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ा। मलिंगा के नाम आईपीएल में 170 विकेट दर्ज हैं।

133वें मैच में हासिल की उपलब्धि

आईपीएल इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने 133 मैच में 171 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने दुनिया की सबसे सफल टी20 लीग में लगभग 21 के औसत और लगभग 7.62 की इकोनॉमी के साथ इतने विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने चार बार चार विकेट और एक बार पांच विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 40 रन देकर 5 विकेट रहा है। चहल के बाद आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाज अमित मिश्रा हैं। उन्होंने 7.35 की इकोनॉमी से 166 विकेट अपने खाते में किए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article