कोलकाता: आईपीएल 2023 में धमाल मचा रहे 21 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ऐतिहासिक इडेन गार्डन्स में अपना नाम आईपीएल की रिकॉर्ड बुक्स में सबसे तेज अर्धशतक जड़कर दर्ज करा लिया।
केकेआर के खिलाफ जीत के लिए 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान को यशस्वी ने आतिशी शुरुआत दिलाते हुए पहले ही ओवर में नीतीश राणा के खिलाफ 26 रन दो छक्के और तीन चौकों की मदद से जड़ दिए। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और महज 13 गेंद में अर्धशतक जड़कर आईपीएल इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनसे पहले ये रिकॉर्ड केएल राहुल और पैट कमिंस के नाम दर्ज था। दोनों ने 14-14 गेंद में पचासा जड़ा था।

यशस्वी जायसवाल (साभार Virat Kohli Instagram)
हाल के दिनों में देखी सर्वश्रेष्ठ पारी
यशस्वी के अर्धशतक पूरा करते ही टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली खुद को उनकी तारीफ करने से नहीं रोक पाए। विराट ने अपने इन्सटाग्राम स्टेटस पर यशस्वी की तारीफ करते हुए कहा, वाह,हाल के दिनों में ये मेरी देखी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी मे से ये एक है। प्रतिभाशाली स्टार हैं यशस्वी जायसवाल।
केएल राहुल ने किया सजदा
उनके बाद केएल राहुल ने भी अपने रिकॉर्ड के टूटने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्विटर पर यशस्वी को टैग करते हुए एक मीम साझा किया जिसमें व्यक्ति कैप उतरकर सजदा करता नजर आ रहा है।
