क्रिकेट

वसीम जाफर ने कहा, भारतीय टीम में एंट्री के लिए तैयार है पंजाब किंग्स का ये खिलाड़ी

  • Agency by: Agency
  • Updated May 7, 2023, 10:47 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और पंजाब किंग्स के बल्लेबाजी कोच वसीम जाफर ने कहा है कि उनकी टीम का एक खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Image

जीतेश शर्मा(साभार IPL/BCCI)

कोलकाता: पंजाब किंग्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया है और टीम के बल्लेबाजी कोच वसीम जाफर का मानना है कि वह राष्ट्रीय टीम के प्रतिनिधित्व के लिए तैयार हैं।

विदर्भ के 29 साल के इस विकेटकीपर को पंजाब किंग्स ने पिछले साल महज 20 लाख रुपये की कीमत पर अपनी टीम से शामिल किया था। उन्होंने इस सत्र में टीम के मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए कुछ शानदार पारियां खेली हैं।

पहले से बेहतर हो गए हैं जीतेश

भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज जाफर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा, 'बेशक, पिछले साल भी उसने अच्छा प्रदर्शन किया था। मुझे लगता है कि अब वह और भी बेहतर हो गया है, उसकी बल्लेबाजी में सुधार हुआ है, वह पहले से ही एक अच्छा विकेटकीपर है।'

टीम इंडिया को है एक अच्छे विकेटकीपर की तलाश

ऋषभ पंत के चोटिल होने के कारण एशिया कप और एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारतीय टीम की नजर अच्छे विकेटकीपर पर है। जितेश ने मुंबई के खिलाफ 27 गेंद में नाबाद 49 रन की पारी खेल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्हें इस साल श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन पदार्पण का मौका नहीं मिला। जाफर ने कहा,'उसे भारतीय टीम में जगह मिली लेकिन पदार्पण का मौका नहीं मिला। मैं उसे जानता हूं। मैं विदर्भ के लिए उसके साथ खेला है।'

भारतीय टीम के लिए खेलने को है तैयार

उन्होंने कहा, 'उसके खेल में सुधार होते देखकर अच्छा लग रहा है। पांचवें, छठे और सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उसने फिनिशर के तौर पर अच्छा किया है। वह भारतीय टीम के लिए खेलने के लिए लगभग तैयार है।'

End of Article