क्रिकेट

IPL 2023: 22 वर्षीय प्रभसिमरन सिंह ने रचा इतिहास, बने आईपीएल इतिहास में शतक जड़ने वाले छठे अनकैप्ड इंडियन

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 13, 2023, 09:32 PM IST

पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। वो आईपीएल शतक जड़ने वाले छठे भारतीय अनकैप्ड प्लेयर बने हैं।

Image

प्रभसिमरन सिंह(साभार IPL/BCCI)

Prabhsimran Singh, IPL Century: पंजाब किंग्स के 22 वर्षीय सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर अकेले मोर्चा संभालते हुए 61 गेंद में आईपीएल में अपना पहला सैकड़ा जड़ दिया। उनके बल्ले से शतक उस वक्त आया जब पंजाब ने खराब शुरुआत के बाद 45 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। वो 65 गेंद में 103 रन बनाकर आउट हुए।

आईपीएल में शतक जड़ने वाले छठे अनकैप्ड भारतीय

प्रभसिमरन आईपीएल इतिहास में शतक जड़ने वाले छठे भारतीय अनकैप्ड प्लेयर बने हैं। इसी सीजन में यशस्वी जायसवाल ने भी ये उपलब्धि मुंबई के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में हासिल की थी। इन दोनों से पहले मनीष पांडे, पॉल वल्थाटी, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार आईपीएल में शतक जड़ने वाले अनकैप्ड प्लेयर बने थे। पहली बार आईपीएल इतिहास में दो भारतीय अनकैप्ड प्लेयर शतक जड़ने में सफल रहे हैं। प्रभसिमरन आईपीएल में शतक जड़ने वाले पंजाब किंग्स के तीसरे अनकैप्ड प्लेयर बन गए हैं। उनसे पहले पॉल वल्थाटी और शॉन मार्श ने ने पंजाब की जर्सी पहनकर ये उपलब्धि हासिल की थी।

प्रभसिमरन ने जड़े पारी में 10 चौके और 6 छक्के

प्रभसिमरन ने सधे हुए अंदाज में आगाज करते हुए पहले पारी को संभाला और उसके बाद आतिशी अंदाज में शतक जड़ दिया। 65 गेंद में 103 रन बनाकर मुकेश कुमार की गेंद पर स्कूप करने की कोशिश में बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 158.46 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए खेली और इस दौरान 10 चौके और 6 छक्के जड़े। उनकी पारी की बदौलत ही पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 167 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

45 रन पर गंवा दिए थे पंजाब ने 3 बड़े विकेट

शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे प्रभसिमरन ने कप्तान के जल्दी पवेलियन लौटने के बाद एक छोर संभाल लिया। 5.4 ओवर में 45 रन के स्कोर तक शिखर धवन, लियाम लिविंगस्टोन और जीतेश शर्मा वापस पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में प्रभसिमरन ने अपने कंधों पर जिम्मेदारी लेते हुए 42 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने हल्ला बोल दिया और अगली 19 गेंद में अपना शतक 61 गेंद में पूरा कर लिया। उनकी धैर्य और कैलकुलेटिव बैटिंग का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उन्होंने पहली 31 गेंद में 27 रन बनाए थे। इसके बाद अगली 30 गेंद में उन्होंने 75 रन जड़ दिए।

आईपीएल 2023 का पांचवां शतक

मौजूदा सीजन का प्रभसिमरन ने पांचवां शतक जड़ा। उनसे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के हैरी ब्रूक, कोलकाता नाइट राइडर्स के वेंकटेश अय्यर, राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल और मुंबई इंडियन्स के सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2023 में शतक जड़ चुके हैं। अब इस सूची में पांचवां नाम पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह का दर्ज हो गया है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article