क्रिकेट

Prithvi Shaw: 6 मैच बाहर बैठने के बाद गरजते हुए लौटे पृथ्वी शॉ, खेली धुआंधार पारी

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated May 17, 2023, 09:39 PM IST

IPL 2023, PBKS vs DC, Prithvi Shaw comeback: काफी समय से भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का बल्ला शांत था तो उनको टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। छह मुकाबलों तक उन्हें टीम में जगह नहीं मिली, लेकिन आईपीएल 2023 में जब पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में उनको मौका मिला तो वो जमकर गरज उठे।

Image

पृथ्वी शॉ (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 में आखिरकार गरजा पृथ्वी शॉ का बल्ला
  • पंजाब किंग्स के खिलाफ खेली जोरदार अर्धशतकीय पारी
  • छह मुकाबलों से बाहर बैठे थे पृथ्वी शॉ

IPL 2023, PBKS vs DC, Prithvi Shaw half-century: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023) में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का जो हाल अब तक हुआ है, वो किसी से छुपा नहीं है। वे अंक तालिका में लगातार आखिरी यानी 10वें स्थान पर ही बने रहे हैं और प्लेऑफ की उम्मीदें भी खत्म हो चुकी हैं। ऐसे में जब आज धर्मशाला की खूबसूरत वादियों के बीच दिल्ली की टीम पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरी तो उनके बल्लेबाज अचानक अलग ही रंग में नजर आने लगे। इन्हीं में एक खिलाड़ी रहे पृथ्वी शॉ, जिन्होंने अपनी वापसी पर आलोचकों की बोलती बंद कर दी।

आईपीएल 2023 के शुरुआती छह मुकाबलों में बेहद खराब प्रदर्शन करने के बाद पृथ्वी शॉ को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। हर अगले मैच में उनको प्लेइंग-11 में आने का इंतजार रहता होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आखिरकार छह मुकाबलों में बाहर बैठने के बाद आज पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्हें मौका मिला और इस ओपनर ने भी मौके को हाथ से नहीं जाने दिया।

पृथ्वी शॉ ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाकर रखा और अपने स्वभाविक खेल को दर्शाते हुए हर विरोधी गेंदबाज की धज्जियां उड़ाईं। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया जो इस सीजन में उनकी पहली हाफ सेंचुरी साबित हुई। पृथ्वी शॉ 38 गेंदों में 54 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली जिस बीच वो चोटिल भी हुए। उनको 15वें ओवर में सैम करन ने ताइदे के हाथों कैच करा दिया।

इस बीच पृथ्वी शॉ ने साथी ओपनर व कप्तान डेविड वॉर्नर के साथ पहले विकेट के लिए 94 रनों की शानदार साझेदारी को अंजाम दिया और उसके बाद दूसरे विकेट के लिए राइली रूसो के साथ 54 रनों की पार्टनरशिप भी की। दिल्ली की तरफ से वॉर्नर ने 46, शॉ ने 54, रूसो ने नाबाद 82 और फिल सॉल्ट ने नाबाद 26 रनों की पारियां खेलीं जिसके दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में सिर्फ 2 विकेट गंवाते हुए 213 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article