North East to debut in IPL, RR vs PBKS: आज आईपीएल के इतिहास में एक नए अध्याय का आगाज हो रहा है। आईपीएल अब पहली बार नॉर्थ ईस्ट (पूर्वोत्तर) में कदम रखने जा रहा है। राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला इस सीजन का 10वां मुकाबला आज (बुधवार, 5 अप्रैल) गुवाहाटी (असम) के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। ये पहला मौका है जब पूर्वोत्तर का कोई मैदान आईपीएल की मेजबानी करेगा। ये राजस्थान रॉयल्स का जयपुर के अलावा दूसरा होम ग्राउंड भी होगा।
राजस्थान रॉयल्स के दो मुकाबले इसी मैदान पर खेले जाएंगे। असम क्रिकेट संघ (एसीए) के इस स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स आज पंजाब किंग्स से टक्कर लेगी। जबकि आगामी 8 अप्रैल को यहां राजस्थान रॉयल्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। इससे पहले, एसीए सचिव त्रिदिब कंवर ने अपने एक बयान में कहा था कि, "हमें 2020 में भी राजस्थान रॉयल्स के दो मैच आवंटित हुए थे लेकिन कोविड-19 संक्रमण के कारण ये मैच नहीं हो पाए थे। हमें खुशी है कि इस साल यहां दो मैच के आयोजन का कार्यक्रम है।"
कंवर ने आगे कहा, "हम असम के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर के क्रिकेट प्रेमियों से आग्रह करते हैं कि वे आएं और मैच देखें।" जयपुर स्थित फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने इससे पहले एक क्रिकेट अकादमी के लिए संघ के साथ साझेदारी की थी जो अब एसीए स्टेडियम में काम कर रही है।
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम के बारे में खास बातें
- असम क्रिकेट एसोसिएशन इस स्टेडियम की देखभाल करता है।
- मैदान का निर्माण साल 2012 में हुआ था।
- अब तक यहां 5 वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं।
- यहां एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अक्टूबर 2022 में खेला गया था।
- इस मैदान में 55000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है।
