क्रिकेट

IPL 2023: चेन्नई के खिलाफ जीते पर केकेआर के कप्तान का कट गया 24 लाख, जानें वजह

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated May 15, 2023, 04:10 PM IST

IPL 2023: कोलकाता ने चेन्नई के खिलाफ चेपॉक में 11 साल बाद जीत दर्ज कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। कोलकाता के सामने 145 रन का लक्ष्य था जिसे कोलकाता ने 4 विकेट के नुकसान पर 9 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। कप्तान नीतीश राणा की यह खुशी ज्यादा देर नहीं रही।

Image

नीतीश राणा, कप्तान कोलकाता (साभार- IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • कोलकाता और चेन्नई का मुकाबला
  • नीतीश राणा पर लगा जुर्माना
  • स्लो ओवर रेट के कारण लगा जुर्माना

चेन्नई के खिलाफ मैच में कोलकाता नाईट राइडर्स ने चेपॉक में 11 साल बाद जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन कप्तान नीतीश राणा पर स्लो-ओवर रेट के कारण 24 लाख का जुर्माना लगाया गया। इतना ही नहीं उनके साथी खिलाड़ी पर भी 6 लाख या मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। ये जुर्माना सब्सिट्यूट खिलाड़ियों पर लागू होगा। स्लो-ओवर रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगता है, लेकिन यह इस सीजन नीतीश राणा का दूसरा अपराध है इसी कारण उन पर 24 लाख का जुर्माना लगाया गया है।

मैच की बात करें पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने शिवम दुबे के 48 और रवींद्र जडेजा के 20 रन की पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। इन दोनों के अलावा डेवॉन कॉनवे ने 30 रन की पारी खेली। चेपॉक में एक बार फिर कोलकाता के स्पिन गेंदबाजों का दबदबा रहा। वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने 2-2 विकेट चटकाए।

जवाब में कोलकाता की टीम 33 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन लगातार गिरते ओस के कारण मैदान में बल्लेबाजी करना आसान होता गया जिसका फायदा नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने उठाया। कप्तान नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने 99 रन की साझेदारी कर कोलकाता को 9 गेंद शेष रहते 6 विकेट से जीत दिला दी।

रिंकू सिंह ने 43 गेंद में 54 और कप्तान नीतीश राणा ने 44 गेंद पर नाबाद 57 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ ही कोलकाता प्लेऑफ की रेस में अब भी बनी हुई है। इस जीत के साथ ही कोलकाता ने प्लेऑफ में अपने पहुंचने की उम्मीद को जिंदा रखा है, जबकि चेन्नई को प्लेऑफ में जाने के लिए दिल्ली के खिलाफ आखिरी मुकाबला जीतना होगा। चेन्नई फिलहाल 15 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है जबकि कोलकाता की टीम 12 अंकों के साथ 7वें नंबर पर है। ृ

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article