क्रिकेट

IPL 2023: विराट कोहली के साथ भिड़ने वाले अफगानी गेंदबाज ने उड़ाई मुंबई पलटन की धज्जियां

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 24, 2023, 09:55 PM IST

विराट कोहली से मैदान पर भिड़ने के बाद सुर्खियों में आए अफगानी तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के छक्के छुड़ा दिए। उन्होंने अकेल दम पर मुंबई को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया।

Image

नवीन उल हक(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • नवीन उल हक ने मचाया मुंबई के खिलाफ धमाल
  • 38 रन देकर चटकाए 4 विकेट
  • एक ही ओवर में किया सूर्यकुमार और कैमरन ग्रीन का शिकार

चेन्नई: विराट कोहली के साथ मैदान में भिड़ंत के बाद फैन्स के निशाने पर चल रहे अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने बुधवार को एलिमिनेटर मैच में अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर आलोचकों के मुंह बंद कर दिए। नवीन उल हक ने 4 ओवर में 38 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए और अकेले दम पर मुंबई को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया। मुंबई 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 182 रन बना सकी। मुंबई का कोई भी बल्लेबाज 50 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सका। मुंबई की पारी के आधे विकेट नवीन के खाते में गए।

एक ओवर में किए कैमरन ग्रीन और सूर्याकुमार का शिकार

नवीन उल हक ने अपने पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा को पवेलियन वापस भेज दिया। इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे ओवर में पिच पर पैर जमाकर मुंबई को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे सू्र्यकुमार यादव और कैमरन ग्रीन के विकेट चटकाकर उन्हें बैकफुट पर धकेल दिया। सूर्यकुमार जहां कृष्णप्पा गौतम के हाथों लपके गए। वहीं कैमरन ग्रीन अंदर आती स्लोअर गेंद पर बोल्ड हो गए। 10.4 ओवर में मुंबई का स्कोर 4 विकेट पर 105 रन हो गया। इन दोहरे झटकों से मुंबई की टीम नहीं उबर सकी।

तिलक वर्मा के विकेट के साथ किया स्पेल का अंत

नवीन उल हक अपने तीसरे ओवर में कोई विकेट नहीं चटका पाए। लेकिन आखिरी ओवर में उन्होंने एक बार फिर पैर जमा चुके तिलक वर्मा को आउट कर दिया। तिलक वर्मा का शानदार कैच दीपक हुड्डा ने भागने के बाद डाइव लगातर पकड़ लिया। वर्मा जब आउट हुए तब स्कोर 17.3 ओवर में 6 विकेट पर 159 रन हो गया। अंत में मुंबई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 182 रन बना सकी। जिसमें से चार नवीन के खाते में गया।

किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, अनोखे अंदाज में मनाया विकेटों का जश्न

नवीन उल हक ने आईपीएल 2023 में 8 मैच में 11 विकेट 19.89 के औसत और 7.82 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। बुधवार का प्रदर्शन उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी हो गया है। इससे पहले उन्होंने एक मुकाबले में 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। नवीन उल हक सीजन में विवादों में रहे हैं। वो विराट कोहली के साथ मैदान पर भिड़े थे। ऐसे में उन्होंने मुंबई के खिलाफ अनोखे अंदाज में विकेटों का जश्न अपने कान बंद करके मनाया। ऐसा ही टीम के कप्तान केएल राहुल भी करते रहे हैं। ऐसा करके वो क्या जताना चाहते थे यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन लगता है कि वो विराट के फैन्स को चिढ़ा रहे थे और यह कह रहे थे कि उनकी बातें उन्हें सुनाई नहीं दे रही है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article