Most Man of the Match Award In
गुजरात के खिलाफ रुतुराज बने जीत के हीरो
रुतुराज ने गुजरात के खिलाफ मुश्किल विकेट पर 44 गेंद पर 60 रन की पारी खेली। उन्होंने पहले विकेट के लिए डेवोन कॉन्वे के साथ 87 रन की साझेदारी करके सीएसके को शानदार शुरुआत दिलाई। ये साझेदारी और रुतुराज की पारी मैच में निर्णायक साबित हुई। मैच में उनके अलावा और कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं जड़ सका। रुतुराज को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
2020 के बाद सबसे ज्यादा बार बने प्लेयर ऑफ द मैच
रुतुराज गायकवाड़ आईपीएल में दसवीं बार आईपीएल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। साल 2020 में आईपीएल डेब्यू के बाद से रुतुराज से ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब और कोई खिलाड़ी नहीं जीत सका। रुतुराज के बाद पिछले चार साल में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे पायदान पर केएल राहुल हैं। उन्होंने 8 बार ये खिताब अपने नाम किया।
टॉप 3 में गिल का भी है नाम
रुतुराज और राहुल के बाद तीसरे पायदान पर शुभमन गिल हैं। गिल 2020 के बाद से अबतक सात बार प्लेयर आफ द मैच चुने गए हैं। इस सूची में चौथे पायदान पर साझा रूप से जोस बटलर, शिखर धवन और रवींद्र जडेजा हैं। इन्होंने 6-6 बार प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किए। संयोगवश इस सूची में रवींद्र जडेजा को छोड़कर अन्य सभी खिलाड़ी ओपनर हैं।
प्लेऑफ में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड
आईपीएल के प्लेऑफ दौर में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच अवार्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी रुतुराज गायकवाड़ साझा रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। रुतुराज ने मंगलवार को प्लेऑफ दौर में दूसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किया। इस सूची में पहले पायदान पर 3 अवार्ड के साथ सुरेश रैना हैं। वहीं दूसरे पायदान पर रुतुराज के साथ जसप्रीत बुमराह,मनीष पांडे, मुरली विजय, यूसुफ पठान और अनिल कुंबले हैं। ये सभी प्लेऑफ राउंड में 2-2 बार मैन ऑफ द मैच पुरस्कार अपने नाम करने में सफल रहे।
